पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश गांव सिसाय बोलान के सुरेंद्र उर्फ झंडा को उसके साथी सिसाय कालीरावण के रमन जोगी, भिवानी जिले के गांव बौंद के दीपक उर्फ दीपू राजपूत के साथ लूट की साजिश रचते हुए गिरफ्तार किया। बदमाशों से फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट कार तथा तीन अवैध पिस्टल भी बरामद हुए हैं।
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि सुरेंद्र उर्फ झंडा पर पंघाल गांव के राममेहर का अपहरण कर हत्या के बाद शव को नरवाना के पास नहर में फेंकने समेत छह केस दर्ज हैं। पुलिस ने राममेहर की हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था।
इस गैंग ने हरियाणा के विभिन्न जिलों के साथ-साथ राजस्थान में कई वारदात को अंजाम दिया है। एसपी ने बताया कि सीआईए वन इंचार्ज इंस्पेक्टर मुकेश कुमार की टीम ने सोमवार रात तीन आरोपियों को लूट की साजिश रचते हुए पकड़ा है।
आरोपियों से सफेद रंग की फर्जी नंबर प्लेट लगी गाड़ी में सवार थे। इन लोगों से एक 315 बोर का पिस्तौल 332 बोर के दो पिस्तौल व कारतूस भी बरामद किए। कार पर जो नंबर मिला वह फर्जी था। यह स्विफ्ट कार इन लोगों ने राजस्थान के पिलानी एरिया से गन प्वाइंट पर 17 अक्तूबर को लूटी थी।
हरियाणा व राजस्थान में 14 आपराधिक वारदात
तीनों आरोपियों ने हरियाणा और राजस्थान में मिलकर व अलग-अलग 14 आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी सुरेंद्र उर्फ झंडा ने इसी वर्ष अक्तूबर में साथी सिसाय के रमन और भिवानी के प्रेमनगर निवासी प्रवीन के साथ मिलकर मुंढाल गांव में शराब ठेके पर जोगेंद्र को गोली मारी थी।
इसी तरह उन्होंने जुलाई में सिसाय के दीपक, रमन व भोला ने संदीप उर्फ बिट्टू गुज्जर पर गोलियां चलाई थीं। वहीं जींद में सुरेंद्र ने रमन, सिसाय के ही अजीत और भोला के साथ मिलकर सिसाय गांव के जयभगवान से गांव ईक्कस के नजदीक बस से उतारकर लाठी-डंडों से मारपीट की थी।
आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर राजस्थान के झुंझुनूं से पिस्तौल के बल पर सफेद रंग की कार छीनी थी और अक्तूबर में झुंझुनूं में पिलानी से एक बाइक चोरी की थी। एसपी मीणा ने बताया कि तीनों आरोपियों में से सिसाय कालीरामन गांव के रमन पर मारपीट, लूटपाट, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य वारदात को अंजाम देने के चलते पांच मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन वारदात को रमन ने साथी सुरेंद्र उर्फ झंडा के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
वहीं भिवानी के बौंद कलां निवासी दीपक उर्फ दीपू सुरेंद्र उर्फ झंडा के साथ मिलकर बिट्टू गुज्जर पर फायरिंग करने में शामिल था। वहीं आरोपी भिवानी में जान से मारने की धमकी देने के मामले तथा लड़ाई झगड़े के मामलों में पेरोल जंपर है।