जिला योजनाकार विभाग ने जिले में 35 अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले 46 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। टाउन प्लानिंग डिपार्टमेंट ने कहा है कि बिना चैंज ऑफ लैंड यूज कॉलोनी विकसित की गई, जिसमें 10 साल पहले कालोनी विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों पर केस दर्ज कराए गए हैं।
वर्ष 2006 से 2016 के बीच बिना लाइसेंस और बिना सीएलयू कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिला योजनाकार विभाग की कार्यप्रणाली में अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। हिसार सदर थाना, हांसी सिटी और सदर थाना, बरवाला और उकलाना थाने में मंगलवार को पूर्व में काटी गई अलग-अलग कॉलोनियों के संबंध में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
टाउन प्लानिंग विभाग ने कहा कि बिना कॉलोनी विकसित करने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। इसके अलावा चैंज ऑफ लैंड यूज की जरूरत होती है। तय फीस अदा करने के बाद ले आउट प्लान पास कराना होता है। रोड, पार्क, स्ट्रीट लाइट, कम्युनिटी सेंटर सहित अन्य जरूरतों के लिए जगह उपलब्ध करानी होती है।
पांच कॉलोनाइजरों पर पहले केस दर्ज
जिला योजनाकार विभाग की तरफ से बिना अनुमति लिए पांच कॉलोनियां काटने पर उनके कॉलोनाइजरों पर सोमवार को अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई थी। विभाग की ओर से जमीन मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कराए गए हैं।
इन पर एफआईआर दर्ज
पुलिस ने मंगलवार को दर्ज हुई अलग-अलग 35 एफआईआर में 46 से ज्यादा कॉलोनाइजर को आरोपी बनाया है। इनमें उनके साझेदार भी शामिल हैं। सदर थाने में 21 एफआईआर दर्ज हुई हैं। सदर थाना पुलिस ने लाहौरिया चौक एरिया के दिनेश कुमार, चौधरी प्रॉपर्टी आजाद नगर के धर्मबीर, अमरदीप कॉलोनी के कुलबीर बूरा, आर्यनगर के मदन, बालसमंद रोड की प्रोफेसर कॉलोनी के फूलसिंह, हिसार अमर विहार को-ऑपरेटिव एचबीसी के अरुण कुमार, अर्बन एस्टेट के बलबीर सिंह, विनोद नगर के पृथ्वी सिंह, वरुण महेश्वरी, चौथा मिल के मदन कुमार, सातरोड के राजेंद्र व राकेश, आदमपुर के इंद्रसेन, मय्यड़ की अमर कौर, सातरोड में कॉलोनी काटने वाले कुलदीप, सावित्री, मंदीप, प्रदीप, रामेश्वर व तीन-चार अन्य, कैमरी रोड के जयबीर सिंह, किरोड़ी के विजेंद्र, कंवारी के कुलदीप, सैनियान मोहल्ला के श्यामप्रकाश, डीएन कॉलेज रोड के श्यामलाल और वरुण, कांग्रेस भवन के पास राठी प्रॉपर्टी के मेंबर जयसिंह, चौथा मिल की शोभा देवी, सेक्टर-14 की वीनू को आरोपी बनाया हैं।
इसके अलावा हांसी पुलिस ने हांसी के विनोद कुमार, दिल्ली के संजय, हांसी की वंदना व रणधीर, ढाणी पीरांवाली के शिवकुमार व विनोद, प्रेमनगर के राजेश, हांसी के चरणजीत सिंह, शांति निकेतन हाउस बिल्डिंग सोसायटी, हांसी की वकील कॉलोनी के रतन सिंह, ढाणी पीरांवाली की लक्ष्मी देवी, शेखपुरा के राजेंद्र और उकलाना पुलिस ने सुरेवाला के दिलशेर और उकलाना के अशोक कुमार को आरोपी बनाया हैं।
भाजपा नेताओं पर मेहरबानी क्यों....
बिना सीएलयू कॉलोनी विकसित करने वालों में भाजपा के नेता भी शामिल थे। भाजपा नेताओं ने हिसार में करीब दर्जन भर कॉलोनियां विकसित की थीं। एफआईआर में ऐसे नेताओं के नाम शामिल नहीं हैं। ऐसे में कार्रवाई से सवालिया निशान भी लग रहे हैं।
टाउन प्लानिंग विभाग से रिकॉर्ड मांगा गया था। पिछले 10 साल में अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों की रिपोर्ट हमने पुलिस को भेजी है। अब आगे की कार्रवाई पुलिस की ओर से की जाएगी।
- सत्यवीर सिंह, जिला नगर योजनाकार हिसार