हरियाणा के हिसार जिले की एक बस्ती में रहने वाली 14 वर्षीय मानसिक तौर पर कमजोर लड़की की शादी की सूचना पर गुरुवार को महिला बाल संरक्षण अधिकारी मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे। पूछताछ में पता चला कि नाबालिग 6 माह की गर्भवती है। उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। इसके बाद आयोग की चेयरपर्सन ज्योति बैंदा मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। बच्चे का डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा। दोषी को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। महिला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किशोरी मानसिक रूप से कमजोर है। उसकी मां की हालात भी ठीक नहीं हैं। इस बारे में जांच के लिए गर्भ में पल रहे बच्चे की डीएनए जांच करवाई जाएगी। चिकित्सक की सलाह लेकर गर्भपात पर फैसला होगा। इस प्रकरण में दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की काउंसिलिंग करवाई जाएगी। - ज्योति बैंदा, चेयरपर्सन, राज्य बाल संरक्षण आयोग
किशोरी की एएनएम से जांच करवाई तो पता लगा कि 24 सप्ताह का गर्भ है। शुक्रवार को किशोरी का अल्ट्रासाउंड करवाया जाएगा। उसके बाद सही पता चल पाएगा की किशोरी कितने माह की गर्भवती है। - बबीता चौधरी, बाल सरंक्षण अधिकारी, हिसार