अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। नारनौंद क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह सक्रिय है। बीती रात नारनौंद के खेतों से चोर ट्रांसफार्मर की क्वाइल चुरा ले गए। किसान ने इसकी सूचना बिजली निगम व पुलिस को दी। पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। नारनौंद निवासी किसान राजेंद्र ने बताया कि उसके खेत में ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जब वह सुबह अपने खेत में गया तो उसने देखा कि ट्रांसफार्मर के नट-बोल्ट नीचे गिरे हुए थे। उसने इसकी सूचना बिजली निगम के कार्यालय व पुलिस को दी। जब बिजली निगम के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर को चेक किया तो देखा कि ट्रांसफार्मर से क्वाइल और तेल गायब मिला।
मदनहेड़ी में घर के बाहर से ट्रैक्टर चोरी
उधर गांव मदनहेड़ी में रात को घर के बाहर से चोर ट्रैक्टर चोरी कर ले गए। मदनहेड़ी निवासी अशोक ने बताया कि रात को उसने अपना ट्रैक्टर खेत से आने के बाद घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह जब वो उठे तो ट्रैक्टर गायब मिला। उन्होंने आसपास पता किया लेकिन ट्रैक्टर का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।