अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नेशनल हाईवे पर गांव दुर्जनपुर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया है। दोनों मृतक सिरसा जिले के निवासी है। पुलिस ने फिलहाल ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में सिरसा जिले के गांव नुहियांवाली निवासी राजेंद्र ने बताया कि उसका 28 वर्षीय भाई गुलाब और गांव चक्का निवासी 35 वर्षीय विनोद कुमार बाइक पर सवार होकर स्कूल के किसी काम से हिसार गए हुए थे। विनोद गांव चक्का में ही स्कूल चलाता था। जब शाम को वह दोनों बाइक पर ही हिसार से वापस गांव की ओर लौट रहे थे तो गांव दुर्जनपुर के पास गलत साइड में सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनके बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की मदद से पहले उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मगर बाद में वहां से उन्हें रोहतक रेफर कर दिया गया।
हिसार के निजी अस्पताल में करवाया गया दाखिल
अग्रोहा थाने के जांच अधिकारी एएसआई यशपाल ने बताया कि दोनों युवकों को अग्रोहा से हिसार के निजी अस्पताल में ले जाया गया था। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक गुलाब के भाई राजेंद्र के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि विनोद अपने गांव में ही निजी स्कूल चलाता था। गुलाब सिंह विनोद की बुआ का लड़का था। वह पिछले छह सालों से गांव चक्का में ही रह रहा था।