अमर उजाला ब्यूरो
मंडी आदमपुर। आदमपुर पुलिस ने गांव सीसवाल निवासी राकेश पर लोहे की रॉड से हमला कर पैसे छीनने के आरोपी राजू को गिरफ्तार कर शुक्रवार को हिसार अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में गांव सीसवाल निवासी राकेश उर्फ राका ने बताया था कि 15 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अशोक उर्फ शौकी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। रास्ते में राजू, तेजपाल, घनश्याम उर्फ घणिया व 2-3 अन्य लड़कों ने उनका मोटरसाइकिल रुकवाया और उनके साथ मारपीट कर अशोक की जेब में रखे 51 सौ रुपये छीन लिए। जब उन्होंने अपने बचाव में शोर मचाया तो वे मौके से फरार हो गए। राकेश ने बताया कि अशोक का राजू व तेजपाल के साथ पहले से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है, जिसके चलते उन्होंने उन पर हमला कर पैसे छीने। पुलिस ने राकेश के बयान पर राजू, तेजपाल, घनश्याम उर्फ घणिया व 2-3 अन्य के खिलाफ धारा 147, 148, 323, 341 व 379बी के तहत केस दर्ज किया था।