अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अग्रसेन कॉलोनी में बाइक सवार एक युवक महिला ममता के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। यह वारदात सोमवार देर शाम को हुई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने वारदात स्थल के आस-पास के कुछ सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अग्रसेन कॉलोनी की ममता का बेटा कॉलोनी में ही ट्यूशन पढ़ता है। वह सोमवार शाम को बेटे को लेने के लिए पड़ोसी के घर गई थी। साढ़े पांच बजे बेटे को लेकर घर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर एक युवक आया। वह उनके पास पहुंचा तो उसने बाइक की गति धीमी कर ली और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। छीनाझपटी में सोने का लॉकेट नीचे गिर गया। वह उसे उठाने लगी तो युवक चेन लेकर मौके से फरार हो गया। युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था और ऊपर हेलमेट पहन रखा था। सोने की चेन का वजन 18 ग्राम है। सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। एचएयू चौकी प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि वारदात स्थल के आसपास की कुछ कोठियों के सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में ली हैं। उसका आंकलन किया जा रहा है।