अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
खेदड़ गांव में 20 वर्षीय विवाहिता रेणु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के ससुराल जनों का कहना है कि रेणु ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया, जबकि मृतका रेणु के मायके वालों ने उसके पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल जनों ने पहले रेणु की गला दबाकर हत्या की, फिर उसको एक खुंटी पर चुन्नी से लटका दिया। बरवाला पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर पति पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
आरोप : 80 हजार देने के बाद मांग रहे थे पांच लाख
महेंद्रगढ़ जिले के गांव कांटी की रहने वाली रेणु की शादी उनके परिजनों ने 8 दिसंबर 2016 को खेदड़ गांव वासी अनिल के साथ की थी। मृतका के नाना रामअवतार का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही रेणु के ससुराल जन दहेज की मांग को लेकर उसे तंग करने लगे। बार-बार उसके साथ मारपीट करते और दहेज की मांग करते। दोहती की परेशानी को देखकर एक बार 50 और दूसरी बार 30 हजार रुपये की रकम दी। दो बार रकम देने के बाद अब की बार उन्होंने पांच लाख रुपये की डिमांड की। गरीब परिवार होने के कारण पांच लाख की नकदी देने से इंकार कर दिया। रेणु के परिजनों ने बताया कि रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने के बाद अगले दिन वह ससुराल गई थी। जब वह ससुराल पहुंची तो रुपयों को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। रेणु ने फोन कर मारपीट के बारे में बताया था।
ससुराल जनों ने रेणु के मायके फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है। इसके 10 मिनट बाद ही फिर से फोन आया और कहा कि रेणु की मौत हो चुकी है। जब खेदड़ गांव पहुंचे तो बताया गया कि रेणु ने फांसी लगा सुसाइड कर लिया। उन्होंने कहा कि रेणु घर में खुंटी से फंदा लगाकर झूल गई, लेकिन जब मौका देखा गया तो खुंटी पांच फुट की ऊंचाई पर थी। इसी पर उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी बेटी की लंबाई पांच फुट से अधिक है। ऐसे में वह इस खुंटी पर फंदा कैसे लगा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को गला घोंटकर मारा गया है। हत्या के बाद उसे घर में फंदे से लटका दिया गया।
परिजनों ने की शिकायत पर मृतका रेणु के पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। -गौरव कुमार, एसएचओ बरवाला
मायके वाले बोले, बेटी की हाईट पांच फुट से अधिक, जिस फंदे पर लटकी उसकी केवल पांच फुट
महेंद्रगढ़ जिले के गांव कांटी की रहने वाली थी मृतका