अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
23 साल की एक महिला ने मंगाली रोड के एक गांव निवासी पति और दो जेठों पर बार-बार रेप करने और सास और बड़ी बहन पर आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया है। भिवानी पुलिस ने 10 दिन पहले जीरो एफआईआर दर्ज की थी। अब मामला हिसार सदर थाने में ट्रांसफर कर दिया है। सदर थाना पुलिस ने वीरवार को सिविल अस्पताल में महिला की मेडिकल जांच कराई। पुलिस सच्चाई जानने के लिए गहराई से मामले की जांच कर रही है। महिला की शिकायत पर शादी के 10 साल बाद केस दर्ज किया गया है।
महिला ने शिकायत दी कि उसकी शादी 10 साल पहले बड़ी बहन के साथ एक घर में हुई थी। शादी के पहले ही दिन उसके पति के साथ जेठ आ घुसा था। दोनों भाइयों ने उससे बारी-बारी से दुष्कर्म किया था। दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर नहीं निकलने दिया था। उसने अगली सुबह सास और अपनी बड़ी बहन को आपबीती बताई थी। तब दोनों ने उसे विश्वास दिलाया था कि वे उनको डांटेंगी। उसके बाद एक दिन खेत में कपास की फसल में उसके जीजा ने उससे छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट की थी। उसने भी बाद में दुष्कर्म किया था। वह मायके जाती तो मां को आपबीती बताती, लेकिन मां ने भी उसकी बात अनसुनी कर दी। उसने आरोप लगाया कि 27 जून 2016 को दोनों जेठों ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। उसके बाद से तंग होकर उसने ससुराल छोड़ दी थी। बताया जाता है कि महिला तब से जिले से बाहर रह रही है। सदर थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
- सास और बहन पर षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप