हिसार। सीआईए ने ट्रक लूट के चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों से करोड़ों रुपये की कीमत का सामान भी बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान पंजाब के खनौरी निवासी रतन कुमार, महिपाल सिंह व सुनील उर्फ भीमा और जींद जिले के धमतान साहिब निवासी सोनू के रूप में हुई है। महिपाल लूट का मास्टर माइंड है।
सीआईए पुलिस ने रविवार देर रात सुरेवाला चौक उकलाना से आरोपियों को गाड़ी सहित उस समय गिरफ्तार किया, जब वे लूटे गए माल को मेरठ में बेचने के लिए जा रहे थे। इस मामले के दो आरोपी कुलदीप और सागर फिलहाल गिरफ्त से बाहर हैं। सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया और सात दिन के रिमांड की मांग की। अदालत ने आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। सोमवार को डीएसपी अमरजीत सिंह कटारिया व डीएसपी नरेंद्र कुमार ने लूट की इस गुत्थी को सुलझाने के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, पुलिस प्रवक्ता हरीश भारद्वाज भी उपस्थित थे।
यह सामान हुआ बरामद
आरोपियों से दो कार व एक ट्रॉला, 150 क्विंटल लोहा, तीन अवैध पिस्तौल, सात कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ पर आरोपियों ने जनवरी 2019 में एक रिट्ज गाड़ी, फरवरी-2019 में कैथल के गुहला-चीका के पास से हुंडई वरना गाड़ी, फरवरी में रतिया के पास से रिट्ज गाड़ी व फरवरी के अंत में यूपी बॉर्डर से चीनी से भरे 700 कट्टों का ट्रक भी लूटना कुबूल किया है।
यह था मामला
अर्बन स्टेट हिसार निवासी त्रिलोकचंद ने दर्ज 12 अप्रैल 2019 को उकलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास एक ट्राला है, जिस पर राजेश को ड्राइवर रखा हुआ है। 11 अप्रैल को राजेश पंजाब के गोबिंदगढ़ से लोहे के 18 टन गार्डर लोड करके हांसी के लिए चला था। बिठमड़ा के नजदीक सुबह 5:30 बजे काले रंग की गाड़ी अड़ाकर ट्राले को रोक लिया गया। गाड़ी से चार युवक निकले, जिन्होंने पिस्तौल के बल पर ड्राइवर राजेश को नीचे उतारा तथा हाथ बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांधकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। वे ट्राला लूटकर ले गए और ड्राइवर राजेश को इधर-उधर घुमाकर बेलरखां में रजवाहे के पास फेंक कर चले गए। शिकायत के अनुसार ट्राले में 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल भी था। उकलाना थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 342, 365, 392 व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
सीआईए टीम में ये रहे शामिल
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह व उनकी टीम ने इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीम में उनके साथ एएसआई अजय कुमार व सुभाष, हेड कांस्टेबल अनूप सिंह, ईश्वर सिंह व सुनील कुमार तथा कांस्टेबल अनिल कुमार व हरीश कुमार शामिल थे।
15 दिन में छान मारी 85 लोकेशन
सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह व उनकी टीम ने 12 अप्रैल को केस दर्ज होने के बाद से ही लूट की गुत्थी को सुलझाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। शुरुआत में कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद टीम ने उकलाना में वारदात क्षेत्र से लेकर पंजाब के खनौरी तक के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। बिजेंद्र सिंह के अनुसार टीम ने लगभग 85 लोकेशन की फुटेज की बारीकी से जांच की तो सुराग हाथ लगे और उसके बाद एक के बाद एक कड़ियां जुड़ती चली गईं।