अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
न्योली कलां गांव के पास पेट्रोल पंप पर कारिंदे को गोली मारकर नकदी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रावतखेड़ा वासी अनिल और गंगवा वासी चंद्रमोहन को रविवार अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस की स्पेशल टीम को गुप्त सूचना मिली की कालवास की तरफ से दो युवक बाइक पर आ रहे हैं। दोनों युवक संदिग्ध हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कालवास गांव के पास नाकेबंदी की। बाइक पर आ रहे दो युवकों को शक के आधार पर पकड़ा। जब दोनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की तो रावतखेड़ा गांव वासी अनिल ने बताया कि अपने दोस्त रविदास और चंद्रमोहन के साथ मिलकर 25 दिसंबर 2017 को न्योली कलां गांव में पेट्रोल पंप के कारिंदे को गोली मारकर 2500 रुपये की नकदी छीनी थी। इसके अलावा डेढ़ साल पहले फतेहाबाद के बिघड़ गांव के पास पेट्रोल पंप पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। एक आरोपी को पुलिस पहले शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।