नारनौंद (हिसार)। हांसी की मिल से कपास की फसल के पैसे लेकर वापस अपने घर जा रहे भिवानी जिले के गांव तालु निवासी किसान से मारपीट कर सूमो सवार दो बदमाश करीब ढाई लाख रुपये छीन ले गए। किसान ने इसकी शिकायत बास पुलिस को दी है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। मगर तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने किसान के बयान पर दोनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तालु निवासी किसान जिलेसिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ पिछले 10-12 सालों से अपने गांव तालु व आसपास के गांव से फसल खरीदने का काम करता है। कुछ दिन पहले उन्होंने हांसी की सेठी मिल्स में कपास की फसल बेची थी। इसके पैसे लेने वह सोमवार को मिल में पहुंचा। वहां से पैसे लेकर वह मिल से बाहर निकला तो वहां पर सफेद रंग की टाटा सूमो आकर रुकी।
गाड़ी में दो युवक बैठे हुए थे। उनमें से एक युवक ने उनसे पूछा कि ताऊ कित जावैगा तो जिले सिंह ने कहा कि बेटा तालु जाना है। युवक ने कहा कि हाम भी न्यूनै जावा हां, तन्नै छोड़ देवांगे। जिले सिंह युवकों के साथ गाड़ी में सवार हो लिया। जब वह लोग हाईवे पर गांव सोरखी से तीन चार किलोमीटर आगे निकले तो उन्होंने गाड़ी को लिंक रोड पर सीसर गांव की तरफ मोड़ दिया। जिले सिंह ने कहा कि बेटा मैंने तो तालु जाना है तो युवकों ने कहा ताऊ रुक जा, उधर ही चलेंगे। हाईवे से करीब दो किलोमीटर अंदर ले जाकर उन्होंने गाड़ी को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने कहा कि बेटे यो के करो हो तो युवकों ने उसकी जेब में रखे दो लाख 55 हजार 250 रुपये छीन लिए और गाड़ी की खिड़की खोलकर उसे बाहर धक्का देकर गाड़ी को भगा ले गए। इसके बाद उसने वारदात की सूचना अपने बेटे को फोन पर दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर जिले सिंह को हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया और बास पुलिस को वारदात की सूचना दी। बास पुलिस ने तुरंत क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर जा चुके थे। पुलिस ने पीड़ित किसान जिले सिंह के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379बी व 34 के तहत मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
वर्जन
हमें सूचना मिलते ही क्षेत्र में तुरंत नाकेबंदी करवा दी थी। मगर सूचना काफी देर बाद मिलने के कारण आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। जिलेसिंह के बयान पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआई धर्मपाल के नेतृत्व में टीम का गठन कर दिया है। जांच की जा रही है।
- सुनील कुमार, प्रभारी, बास थाना।