अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। रेड स्क्वेयर मार्केट में स्थित कोचिंग संस्थान केडी कैंपस में वीरवार देर रात हंगामा हो गया। इस बात की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे केडी कैंपस के विभिन्न ब्रांच में अध्यापक हैं। उन्हें यहां पर कैंपस के खिलाफ केस दर्ज होने व संचालक मनीष चौरसिया की गिरफ्तारी की सूचना मिली थी। वह सब उसकी जमानत के लिए यहां पर आए थे। उन्होंने बताया कि देर रात को वह सब कैंपस में रुके हुए थे, लेकिन यहां पर काम करने वाले स्टाफ ने सोचा कि यह लोग कैंपस का रिकॉर्ड लेने यहां पर आए हुए हैं, इसी बात को लेकर उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना भेज दी। मामले के अनुसार केडी कैंपस की मालकिन दिल्ली के मुखर्जी नगर वासी नीतू सिंह व संचालक यूपी के बलिया वासी मनीष चौरसिया पर सेंटर के अध्यापकों ने वेतन नहीं देने व धमकी देेने का मामला दर्ज करवाया हुआ है।
संचालक का रिमांड पूरा, जमानत पर रिहा
इस मामले में संचालक मनीष चौरसिया एक दिन के पुलिस रिमांड पर था। रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि वह स्टूडेेंट्स से फीस लेकर दिल्ली भेजने का काम करता है। अध्यापकों को सैलरी भी दिल्ली से ही जारी की जाती है। इस मामले में उसकी कोई संलिप्तता नहीं है। गिरफ्तार आरोपी मनीष चौरसिया को कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया है। पुलिस टीम ने सेंटर की मालकिन नीतू सिंह की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को उसके दिल्ली के निवास पर छापेमारी की, लेकिन सेंटर मालिक वहां नहीं मिली।