अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कैंप चौक के पास के एक पीजी मेें रहने वाली एक युवती के साथ शहर का एक युवक शादी का झांसा देकर सालभर से रेप करता आ रहा है। इतना ही नहीं सिरसा रोड के एक गांव में एक विवाहिता से पड़ोसी रेप कर वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेल करता आ रहा है। महिला थाना पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप चौक के पास के एक पीजी में रहने वाली 22 साल की युवती ने सेक्टर-13 के दीपक नामक युवक पर रेप का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को शिकायत दी कि कैंप चौक के पास एक साल पहले सेक्टर-13 के दीपक से मुलाकात हुई थी। उसके बाद उनमें बातचीत होने लगी। दीपक ने उसे शादी का झांसा दिया था। वह उसे एक दिन एक कमरे में ले गया था और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। वह उसके बाद उसके साथ कई बार संबंध बना चुका है। उसने अब शादी से इनकार कर दिया है। इसके अलावा सिरसा रोड के एक गांव की विवाहिता ने भी महिला थाने में शिकायत देकर अपने पड़ोसी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने कहा कि पड़ोसी ने एक दिन मौका पाकर उसे दबोच लिया था और रेप किया था। वह फिर मोबाइल क्लिप होने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। महिला थाना प्रभारी सुनीता देवी की टीम ने देर रात सिविल अस्पताल में दोनों पीड़िताओं की मेडिकल जांच कराई। महिला थाना पुलिस ने नामजद दीपक और परमजीत सिंह के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है।
जाट कॉलेज के प्रिंसिपल पर दर्ज अश्लील टिप्पणी वाला केस खारिज करने की तैयारी
जाट कॉलेज की एक लेक्चरर ने 15 मार्च को प्रिंसिपल आईएस लाखलान के खिलाफ अश्लील बोल बोलने का केस दर्ज कराया था। लेडी लेक्चरर ने शिकायत में कहा था कि वह जीजेयू के किसी कोर्स में आवेदन करने के लिए प्रिंसिपल के कक्ष में साइन कराने गई थीं। प्रिंसिपल ने बदसलूकी की और बोले कि तुमने एक आरटीआई मांग रखी है, उसे वापस लो। सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसकी जांच का जिम्मा डीएसपी मोहम्मद जमाल को सौंपा गया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच कर अब एफआईआर को रद्द करने की तैयारी कर रही है।