अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद।
उपमंडल के एक गांव में झोपड़ी में रहने वाली आठ साल की बच्ची का बुधवार रात को अपहरण कर आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर झोपड़ी के बाहर सो रहा चाचा उठा और मौके पर पहुंचा तो बच्ची लहूलुहान हालत में पड़ी थी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को नारनौंद के नागरिक अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टरों ने खानापूर्ति करते हुए दर्द निवारक गोली देकर कहा वीरवार सुबह आना। पीड़ित परिवार गांव के सरपंच के पास पहुंचा तो सरपंच ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
वीरवार को पीड़िता को नारनौंद के ही नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाकर उसका मेडिकल करवाया गया। मेडिकल में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा गोदारा व सीन ऑफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए गए। जिला बाल संरक्षण इकाई की काउंसलर पूनम भी पीड़िता से मिलने पहुंची। बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना पाकर ग्रामीण भी एकजुट हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे में आरोपी को पकड़ने का अल्टीमेटम दिया।
दर्द से चिल्लाती बच्ची की आवाज सुनकर आया चाचा
झुग्गी में रहने वाला परिवार रात को करीब दस बजे खाना खाने के बाद झुग्गी के बाहर ही सोया हुआ था। रात को अचानक अज्ञात युवक परिजनों के पास सोई आठ वर्षीय बच्ची को उठाकर ले गया। थोड़ी ही दूर सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित बच्ची दर्द से चिल्ला रही थी तो उसके चाचा ने उसकी आवाज सुनी और सड़क के पास जाकर देखा तो उसकी भतीजी बुरी तरह से लहुलुहान थी। उसके कपड़े भी फटे हुए थे। बच्ची ने सारी घटना अपने परिजनों को बताई तो उसके परिजन उसको तुरंत नारनौंद के सरकारी अस्पताल में ले आए।
पेन किलर देकर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने सुबह आने को कहा
जब परिजन रात में ही पीड़िता को अस्पताल लेकर गए तो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसको दर्द निवारक गोलियां देकर सुबह 9 बजे आने के लिए कहा। इसके बाद पीड़िता का परिवार वीरवार सुबह गांव के सरपंच के पास पहुंचा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी साधुराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसको नारनौंद के ही अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने उसका मेडिकल किया। मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़िता को हिसार रेफर कर दिया।
नागरिक अस्पताल की डॉ. शिवांगी ने बताया कि आठ वर्षीय बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में लाया गया था। उसकी प्राथमिक जांच में पाया गया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। बच्ची का काफी खून बह रहा था। इसके सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए मधुबन लैब में भेजा जाएगा। उसके बाद ही मामले की पूरी पुष्टि होगी।
पोस्को एक्ट व अपहरण सहित विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपी की पहचान करने में जुटी हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
-जोगिंद्र राठी, डीएसपी