हिसार (ब्यूरो)। सनसिटी के पास स्थित पीएनबी के एटीएम में एक शातिर ठग ने एक घंटे में दो स्कूल लेक्चरर्स के एटीएम कार्ड बदलकर उनके बैंक खातों से 85 हजार रुपये निकाल किए। पुलिस ने बैंक को सीसीटीवी फुटेज देने के लिए पत्र लिखा है।
पुलिस के अनुसार एटीएम से रुपये निकालने की ये वारदत 17 फरवरी को हुई। पहली वारदात ढाणी श्यामलाल के रहने वाले स्कूल लेक्चरर संजय कुमार के साथ हुई। उसके साथ करीब 55 साल के एक व्यक्ति ने एटीएम बदलकर ठगी कर दी। दूसरी वारदात सूर्या नगर के निवासी स्कूल लेक्चरर मंदीप कुमार के साथ हुई। दरअसल मंदीप ने अपने किसी परिचित को कार्ड देकर पैसे निकालने के लिए एटीएम पर भेजा था। ये दोनों एक ही दिन और एक ही एटीएम में रुपये निकालने आए थे। उस दौरान एक युवक आया। इस युवक ने पहले संजय कुमार को अपना शिकार बनाते हुए कार्ड बदल लिया। उसके करीब एक घंटे बाद मंदीप का भी कार्ड बदल लिया। इन दोनों को कार्ड बदले जाने का उस समय पता चला, जब मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया। यह ठग संजय कुमार के खाते से 45 हजार रुपये और मंदीप के खाते से 40 हजार रुपये निकाल ले गया। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक टीचरों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले का सुराग नहीं लगा है। जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज मांगी है। फुटेज मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।