अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अर्बन स्टेट में अध्यापिका के घर चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पुष्पा कांप्लेक्स के नजदीक शनि मंदिर के पास से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अमरजीत अर्बन स्टेट निवासी, खुशीराम दुर्गा कॉलोनी निवासी, रवि बैंक कॉलोनी निवासी बताया। आरोपी अमरजीत ने पूछताछ में बताया कि वह पूजन ग्लास हाउस पर नौकरी करता है। खुशीराम सेक्टर के मकानों में झाड़ू-पोछा करता है। रवि ठंडी सड़क पर चाय की दुकान पर काम करता है। लालच में आकर अर्बन स्टेट में रहने वाली अध्यापिका के मकान की छानबीन शुरू की। पता लगाया कि मैडम कब स्कूल जाती है, कब वापस आती है। इसके बाद नौ फरवरी को इस मैडम के स्कूल जाते ही मौका देखकर सुबह 08:30 बजे अपनेे दोस्तों संग मिलकर महिला टीचर के मकान का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके पर आरोपी खुशीराम और रवि दोनों से चोरी किए गए चार हजार रुपये बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों अमरजीत, खुशीराम व रवि को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी खुशी राम और रवि को जेल भेज दिया गया है। अमरजीत से पैसे और जेवरात बरामद करने के लिए अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।