अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। ग्रीन स्क्वेयर मार्केट में दी हिसार फ्रेंड्स को-ऑपरेटिव सोसायटी के नाम पर करीबन साढ़े आठ करोड़ की धोखाधड़ी करने के आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी प्रमोद भारद्वाज व अनिल जैन को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। साढ़े आठ करोड़ के इस धोखाधड़ी मामले में आरोपियों के खिलाफ पांच केस दर्ज हैं। आरोपी पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहे थे। एसआई रोहताश सिंह के अनुसार आरोपी लोगों को 10 प्रतिशत के मोटे ब्याज का लालच देकर लोगों को झांसे में लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी भामाशाह नगर वासी अनिल जैन व कैमरी रोड पर स्थित एडवोकेट कॉलोनी वासी प्रमोद भारद्वाज इस धोखाधड़ी केस के मास्टरमाइंड हैं। दोनों आरोपियों ने वर्ष 2016 में दी हिसार फ्रेंड्स को-ऑपरेटिव सोसायटी बनाकर अपने रिश्तेदारों व अपनी पत्नियों को इसमें पदाधिकारी बना लिया। यह सोसायटी लोगों से निवेश पर मोटा ब्याज देने का भरोसा देती थीं। इस बारे में पुलिस को करीबन 200 निवेशकों की तरफ से पांच अलग-अलग शिकायतें मिली थीं। पुलिस को दी शिकायतों में निवेशकों ने बताया कि आरोपियों ने मोटा ब्याज देने व पैसा सुरक्षित रखने की गारंटी देकर खुद की सोसायटी में उनसे पैसा निवेश करवा लिया। इनकी सोसायटी में शहर के 800 लोगों ने करीबन साढ़े आठ करोड़ रुपये जमा करवाए थे। सोसायटी खुलने के समय आरोपियों ने कुछ निवेशकों का पैसा वापस दिया था। उसके बाद उन्होंने पैसे लौटाने पर आनाकानी करना शुुरू कर दिया था, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके सोसायटी का पूरा रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया था। इसके अलावा आरोपियों की संपत्ति केस के साथ पहले ही अटैच की जा चुकी है।
धोखाधड़ी के दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।
-एसआई रोहताश सिंह, पड़ाव चौकी प्रभारी