अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। तीन युवकों को डॉक्टर का असिस्टेंट बनाकर अमेरिका भेजने के नाम पर 21 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। उकलाना पुलिस को दी शिकायत में गांव चमारखेड़ा निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि उसके दो भतीजों व एक भांजे को अमेरिका भेजने के नाम पर चार लोगों ने उससे 21 लाख रुपये ठग लिये।
शिकायत में ईश्वर ने कहा कि उन्हीं के गांव का राजेंद्र अपने साथ तीन अन्य लोगों को लेकर आया। इनमें भिवानी के गांव गुरेेरा का दयानंद शर्मा व आदमपुर के दंपति पूजा व राहुल शामिल थे। राजेंद्र ने बताया कि ये सब उसके जानकार हैं। युवकों को कम खर्चे पर अमेरिका भेजते हैं। अमेरिका जाने वालों के लिए अच्छी नौकरी का प्रबंध करते हैं। गांव के आदमी की जानकारी के हिसाब से उसने उन पर भरोसा कर लिया। आरोपियों ने उसके दो भतीजों व एक भांजे को अमेरिका में भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की। इन्होंने बताया कि तीनों को अमेरिका में डॉक्टर का असिस्टेंट बनाकर भेजेंगे। इसके लिए भोपाल में एक साल का कोर्स करना पड़ेगा। इसके बाद आरोपियों ने तीनों को भोपाल भेज दिया। उनके कोर्स व अमेरिका भेजने की तैयारी के नाम पर उससे तीन बार में 21 लाख रुपये ले लिए। करीब छह महीने बाद जब उसके भतीजे व भांजा घर आए तो उन्हें बताया कि भोपाल में उनसे एक प्राईवेट कंपनी में काम करवाया गया। इस दैरान उनसे अमेरिका भेजने संबंधी कोई फार्म नही भरवाया गया। ईश्वर के अनुसार जब इस बारेे में उसने आरोपियों से बातचीत की तो वो टालमटोल करते रहे। जब उसे इन पर शक होने लगा तो उसने अपने 21 लाख रुपये वापस मांगे लेकिन आरोपियों ने पैसे वापस करने से साफ मना कर दिया। उकलाना पुलिस ने शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।