अमर उजाल ब्यूरो
हिसार।
राजगुरु मार्केट में शॉपिंग करने आई फतेहाबाद की एक महिला का एक युवक ने पर्स छीन लिया। झपटमारी कर युवक मौके से भागने लगा। जैसे ही महिला चिल्लाई बाजार के व्यापारियों ने युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाजार में आई पब्लिक और व्यापारियों ने युवक को जमकर धुना और मौके पर पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। मामले की शिकायत महिला ने सिटी थाना में दी है।
पुलिस को दी शिकायत में फतेहाबाद निवासी ज्योति ने बताया कि वह मार्केट में सोमवार शाम करीब पांच बजे शॉपिंग करने के लिए आई हुई थी। बाजार में उसके पीछे एक युवक कई देर से घूम रहा था। हालांकि उसने पीछा करने के संबंध में युवक पर एकबार शक भी किया। कुछ देर बाद ही युवक ने महिला का पर्स झपट लिया। महिला के पर्स में हजारों की नकदी, मोबाइल और अन्य जरूरी कागजात थे। व्यापारियों ने युवक को पकड़कर महिला से छीना गया पर्स बरामद करवा दिया। सिटी थाना पुलिस ने बताया कि महिला ने शिकायत दी है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र बजाज ने बताया कि व्यापारियों के सतर्कता के कारण आरोपी पकड़ा गया है। इस तरह की यहां आए दिन वारदात हो रही है।