अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी घायल
बरवाला। राष्ट्रीय राजमार्ग पर 132 केवी सब स्टेशन के पास मंगलवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आए बाइक सवार गांव बुढाखेड़ा निवासी 40 वर्षीय रामनिवास की मौत हो गई जबकि उसका साथी पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। पवन का हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतक के बड़े भाई पुष्कर ने बताया कि रामनिवास व पवन बाइक से सालासर के लिए निकले थे। वहीं वह खुद भी दूसरी बाइक पर दोनों के पीछे चल रहा था। जैसे ही रामनिवास व पवन की बाइक बरवाला के 132 केवी सब स्टेशन के पास पहुंची तो पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने रामनिवास की बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते रामनिवास व पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस की सहायता से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रामनिवास की मौत हो गई। चौकी प्रभारी इंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।