अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)। अप्रैल 2010 में हुए मिर्चपुर कांड में दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने करीब ढाई माह पूर्व सुनवाई करते हुए 33 लोगों को फिर से सजा सुनाई थी। सजा सुनाने के बाद दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए मिर्चपुर चौकी प्रभारी रणबीर सिंह ने मामले से जुड़े 29 दोषियों को गिरफ्तार करते हुए दिल्ली की तिहाड़ जेल में भेज दिया। सोमवार को भी एक दोषी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब इस मामले के तीन दोषी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
वर्ष 2010 में वाल्मीकि बस्ती के घरों में आग लगाने व दो लोगों को जिंदा जला देने के मामले में 24 अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट का जो फैसला आया था, उसमें 33 लोगों को सजा सुनाई गई। उसमें 12 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वहीं 12 को 2-2 साल व 9 लोगों को एक-एक साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद से मिर्चपुर चौकी ने लगातार प्रयास करते हुए 29 दोषियों को गिरफ्तार कर दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया। सोमवार को भी पुलिस ने मामले के एक दोषी जसबीर उर्फ लीलू को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। जसबीर उर्फ लीलू पेशी के दौरान रोहिणी कोर्ट से फरार हो गया था, जिसमें इसे एक साल की सजा सुनाई गई थी। मिर्चपुर मामले में अभी तक 30 दोषी तिहाड़ जेल में भेजे जा चुके हैं। अब तीन दोषी गिरफ्तार होने बाकी हैं।
इस संबंध में मिर्चपुर चौकी प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि सोमवार को जसबीर उर्फ लीलू को गिरफ्तार कर लिया गया है। 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल में भेज दिया है बाकी बचे तीन दोषियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।