अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। कनाडा से भारत आई महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब नौ लाख के जेवरात और आठ हजार की नकदी चोरी करने के मामले में सीआईए ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हांसी के गांव भाटौल रांगड़ान वासी मुकेश उर्फ कालू व रामनिवास के रूप में हुई है। पीड़ित महिला सरोज शर्मा फतेहाबाद की शिव कॉलोनी की रहने वाली है और रिटायर्ड प्राध्यापक हैं। हाल में वह कनाडा के टोरंटो शहर में अपने बेटे अभिषेक के पास रहती है। इस बारे में फतेहाबाद पुलिस ने मामले में जीरो एफआईआर दर्ज करके सिटी थाने को भेजी थी।
पुलिस को दी शिकायत में सरोज शर्मा ने बताया कि वह 5 फरवरी 2018 को कनाडा से अपनी बेटी की शादी करने के लिए भारत आई थी। शादी की तैयारियों के लिए ही वह 14 अप्रैल को अपनी दोस्त के पास गुरुग्राम जाने के लिए फतेेहाबाद बस स्टैंड पर खड़ी थी। उसे गुरुग्राम तक जाने वाली बस का इंतजार था। तभी वहां पर आई एक प्राइवेट चालक ने उसे यह कहते हुए बस में चढ़ा लिया कि उसे हिसार उतार देंगे। वहां से उन्हें गुरुग्राम के लिए सीधी बस मिल जाएगी। इसी दौरान दो लोगों ने उनका बैग बस में चढ़ा दिया। महिला ने सोचा कि यह लोग बस में कंडक्टर हैं। इसके बाद दोनों लोगों ने उनको हिसार से गुरुग्राम जाने वाली बस में चढ़ा दिया। महिला के अनुसार बस में चढ़ने के बाद उसे बेहोशी छाने लगी। इसके बाद दोनों आरोपी उनका बैग लेकर फरार हो गए।
आरोपियों से 80 हजार बरामद, एक दिन के रिमांड पर भेजे
पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने 80 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी मुकेश उर्फ कालू को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया। इसके अलावा आरोपी रामनिवास को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी मुकेश से पुलिस सामान को आगे बेचने व इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सामान को कहां बेचा है, इसके अलावा इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं, इस बारे में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
-जोगेंद्र सिंह, इंचार्ज सीआईए-2, हिसार