हिसार। घूमने के लिए घर से निकली सेक्टर-14 निवासी महिला अनिता गोयल से एक स्नेचर पर्स छीनकर फरार हो गया। महिला ने इसकी शिकायत अनाज मंडी चौकी पुलिस को दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अनिता गोयल ने बताया कि वह मंगलवार को घूमने के लिए अपने मकान से निकली थी। वह मेन रोड पर पहुंची तो एक लड़का उसके समीप आया और उसके हाथ से उसका पर्स छीनकर फरार हो गया। पीड़ित महिला ने आरोपी युवक की पहचान पुलिस को बताई, जिसने बालों को कलर किया हुआ था। उसने कहा कि उसके पर्स में एक मोबाइल, 800 रुपये नकद और कुछ अन्य सामान था। जांचकर्ता एसआई राजेंद्र प्रसाद के अनुसार शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो बाइक सवार व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनकर फरार
उधर बरवाला में पंजाब के पटियाला जिले के अमू कस्बा वासी राकेश से बाइक सवार उसका फोन छीन ले गए। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अप्रैल की रात करीब साढ़े 9 बजे वह पुराने बस स्टैंड के समीप खड़ा था। उसने हाथ में अपना मोबाइल लिया हुआ था। उसने बताया कि वहां पर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक आए और उससे उसका फोन छीन कर फरार हो गए। उसने बरवाला थाना में शिकायत दी है। जांचकर्ता एएसआई इंद्र सिंह के अनुसार शिकायत के आधार पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।