अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
छह साल की मासूम निर्भया के साथ हुई दरिंदगी के ब्लाइंड मर्डर मामले का पुलिस ने छह दिन बाद भी आधा-अधूरा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी हिसार ने दावा किया है कि आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। उन्होंने यह तक कहा है कि आरोपी के खिलाफ उनके पास वैज्ञानिक सबूत हैं। फिलहाल एसपी ने जांच प्रभावित होने की बात कहकर आरोपी का नाम बताने से इनकार कर दिया है। इससे पहले पुलिस ने पीड़िता की मां के सीआरपीसी 164 के तहत जज के समक्ष बयान दर्ज करवाए हैं।
पुलिस ने बयान करवाने के बाद वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया है। उधर, मामले में नया पेच आ गया है। बच्ची की मां का कहना है कि उन्होंने किसी को बच्ची को उठाते हुए नहीं देखा, लेकिन पुलिस ने उस पर दबाव बनाकर पड़ोसी का नाम बयान में लिखवाने के लिए कहा था। हालांकि इस आरोप को एसपी पूरी तरह से नकार रही हैं। उन्होंने कहा है कि उन्होंने पीड़िता पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया।
पड़ोसी के उठाए थे कपड़े, फोरेंसिक जांच के सबूत
पुलिस ने जिस युवक को गिरफ्तार किया है, वह वही पड़ोसी है। इस आरोपी को अमर उजाला ने पुलिस की हिट लिस्ट में बताया था। इतना ही नहीं आरोपी युवक वही बताया गया है, जिसके कपड़े पुलिस जांच के लिए अपने साथ लेकर गई थी। इसके अलावा पुलिस ने शक के आधार पर पड़ोसी युवक को उठाया था। पुलिस ने जब उसे उठाया है, वह वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। हालांकि पुलिस ने इसकी भी डॉक्टरों से राय ली। वह युवक करीब छह महीने पहले एक्सीटेंड में घायल हुआ था। इसके बाद उसे चलने में दिक्कत आ रही थी।
पुलिस की अवैध संबंधों की भी थ्योरी
पुलिस ने इस मामले में अवैध संबंधों की थ्योरी पर काम किया है। आरोपी ने एक महिला के साथ अवैध संबंधों का पूछताछ में जिक्र किया था। इसके बाद महिलाओं से पूछताछ की गई थी। महिला ने युवक की बात को साफ नकार दिया था। हालांकि इसके बाद से पुलिस पड़ोसी युवक को हिरासत में लिया हुआ है।
कहीं प्रद्युम्न मामले की तर्ज पर तो नहीं की जांच
इस मामले में पुलिस की जांच कहीं न कहीं सवालों के घेरे में है। रात को एसपी ने जिस युवक की गिरफ्तारी का खुलासा किया, उसका नाम तक नहीं बताया। जब से ये घिनौनी वारदात हुई, उसके अगले दिन से उससे लगातार इंटेरोगेशन की जाती रही है। पुलिस ने अब दावा किया है कि उनके पास वैज्ञानिक सबूत हैं तो इसमें इतना टाइम क्यों लगा। कहीं इस मामले में संघर्ष समिति के आंदोलन का दबाव तो नहीं?
नौ दिसंबर को गली में मिला था बच्ची का शव
नौ दिसंबर की सुबह उकलाना में टेलीफोन एक्सचेंज के पास गली में मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ था। मां के पास सो रही छह साल की मासूम का पहले अपहरण कर रेप किया गया और फिर गुप्तांग में लकड़ी घुसाकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
हमने कोई दबाव नहीं दिया। हम वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर काम कर रहे हैं। न हम पर कोई दबाव है। अकेले परिजनों के बयानों पर गिरफ्तारी नहीं हुई। -मनीषा चौधरी, एसपी हिसार