यमुनानगर। बाइक सवार दो युवक बुड़िया चौक से लिफ्ट देकर एक युवक को मानकपुर के पास सुनसान स्थान पर ले गए। जहां आरोपी युवकों ने उसे पिस्टल दिखाकर उससे पांच हजार रुपये लूट लिए। उसने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
माजरी निवासी गोलू ने बताया कि वह खंभे गाड़ने का कार्य करता है। वह जगाधरी में काम करता है। काम खत्म करने के बाद उसने ठेकेदार से नौ हजार रुपये लिए थे। चार हजार रुपये उसने अपने घर दे दिए थे, जबकि पांच हजार रुपये उसकी जेब में थे। बुधवार की शाम करीब छह बजे वह बुड़िया चौक पर अपने गांव जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। उसने लिफ्ट लेने के लिए बाइक रुकवाई। उन्होंने उसके पास बाइक रोकी और उसे बिठा लिया। जब वह मानकपुर के पास पहुंचे, तो एक युवक ने उसके पेट से पिस्टल सटा दिया और उससे पांच हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर वहां से फरार हो गए। इस संबंध में सदर जगाधरी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। आसपास भी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लग सका। गोलू के बयान लिए जा रहे है। मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।