हिसार। बहादुरगढ़ से 21.60 लाख रुपये व 5 किलो सोना लूट के मुख्य आरोपी धांसू निवासी सुशील उर्फ बॉक्सर उर्फ कालिया को सीआईए स्टाफ हिसार की टीम ने वीरवार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल व दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपी अपने गांव धांसू आया हुआ था। सीआईए पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर दबिश देकर कालिया को दबोच लिया।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि कालिया के लगभग आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि उसने अपने पांच-छह अन्य साथियों के साथ मिलकर 25 फरवरी 2019 को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से एक गाड़ी में 21 लाख 60 हजार रुपये व पांच किलो सोना लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ की इस बड़ी वारदात के तार हिसार से जुड़े होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों के ठिकाने के बारे में पूछताछ कर रही है।
विकास गैंग का गुर्गा है कालिया
पिछले दिनों दिल्ली के द्वारिका में पुलिस व बदमाशों की मुठभेड़ में विकास दलाल का एनकाउंटर हुआ था। आरोपी सुशील उसी गैंग का गुर्गा है और एनकाउंटर के समय वह विकास के साथ था, लेकिन फरार होने में कामयाब हो गया था। आरोपी से अन्य खुलासे होने की भी संभावना है। सीआई पुलिस आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के अनुसार झज्जर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है।