हिसार (ब्यूरो)। सेक्टर-14 निवासी संतराम ने बस की बुकिंग कराने के लिए प्राइवेट बस सर्विस के पास फोन किया। उन्होंने पैसे जमा कराने को कहा तो संतराम के खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-14 निवासी संतराम ने बताया कि उसे मंडी गोबिंदगढ़ जाना था। इसके लिए वह इंडो कैनेडियल बस सर्विस पर फोन करके पूछताछ कर रहा था। उन्होंने कहा कि रात को दो बजे बस चलेगी और सुबह नौ बजे मंडी गोबिंदगढ़ उतारेगी। उन्होंने एक लिंक भेजा और पैसे जमा कराने को कहा। पीड़ित संतराम ने बताया कि उसने चेक करने के लिए 10 रुपये जमा करवा कर देखे, लेकिन उसके तुरंत बाद उसके मोबाइल पर लगातार दो मैसेज आए, जिसके अनुसार उसके खाते से 49-49 हजार रुपये दो बार कट गए। उसने शिकायत में बताया कि उसके ये 98 हजार रुपये किसी एक्सिस बैंक के यूपीआई एप द्वारा खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। जांचकर्ता एसआई राजेंद्र के अनुसार शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।