अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
साइबर ठग ने फोन पर एचएयू के कुक कमलापति जोशी से संपर्क कर खुद को बैंक मैनेजर बताकर ओटीपी नंबर पूछ लिया। फिर उनके खाते से 1,69,239 रुपये निकालकर उनको चपत लगा दी। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
किसी ठग ने 12 जनवरी को एचएयू के रेस्ट हाउस के कुक कमलापति जोशी से मोबाइल फोन पर संपर्क किया। ठग ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए कहा कि आपका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है। इसे चालू रखना चाहते हो तो तुरंत एटीएम कार्ड का 16 नंबर का डिजिट बताओ। ठग ने 16 नंबर का डिजिट पूछने के बाद उससे पिन नंबर भी पूछ लिया। उसके बाद ठग ने 13 से 16 तारीख के बीच 20 बार में 1,69,239 रुपये निकाल लिए गए। बैंक से नकदी निकलने के मैसेज कुक के मोबाइल फोन में आते रहे, लेकिन मैसेज चेक नहीं किए। एचएयू स्थित एसबीआई के स्टाफ ने 16 जनवरी को उनसे फोन पर संपर्क कर कहा कि आपके खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो रही है। आप बैंक में आकर मिलिए। कुक वहां गया तो बैंककर्मियों से बातचीत करने पर उसे ठगी का पता चला। फिर उसने एचएयू चौकी में इंचार्ज ललित कुमार को शिकायत दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ ठगी का केस दर्ज किया है।
एक महीने में तीसरी वारदात
इससे पहले 29 दिसंबर को हिसार में होटल मालिक के पेटीएम से 20 हजार रुपये साइबर क्रिमिनल ने ठग लिए थे। 14 जनवरी को गुरुग्राम में मैन पावर का काम करने वाले व्यापारी के खाते से 3.83 रुपये निकाल लिए थे।
एचएयू के कुक से फोन पर ओटीपी नंबर पूछा और खाते से उड़ाए 1.69 लाख रुपये