अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नई सब्जी मंडी को महीने के आखिरी दिन बंद रखने को लेकर दो यूनियनों में टकराव हो गया। सब्जी मंडी वेलफेयर यूनियन के प्रधान सुुरेश जुनेजा को चोटें आई हैं। नागरिक अस्पताल में भर्ती सुरेश जुनेजा ने आरोप लगाया कि मंडी की दूसरी यूनियन के प्रधान सहित अन्य लोगों ने उस पर लाठी, डंडे, क्रिकेट बैट से हमला किया। हमले में 2.25 लाख रुपये भी छीन ले गए।
अस्पताल में इलाज करवा रहे सुरेश जुनेजा ने बताया कि वह मंगलवार सुबह सात बजे अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला था। जब वह मंडी के एक नंबर गेट पर पहुंचा तो वहां कुछ लोग गेट पर ताला लगाकर हंगामा कर रहे थे। सुरेश ने हंगामा कर रहे लोगों से कहा कि वह दुकान की साफ-सफाई करने के लिए जा रहा है। गेट का ताला खोला जाए। वहां पर हंगामा कर रहे लोगों ने गेट खोलने से साफ मना कर दिया। जब वह खुद ताला खोलने के लिए आगे बढ़े तो वहां पर मौजूद मंडी की दूसरी यूनियन के प्रधान ओमप्रकाश राड़ा, ओमकार सैनी, मनोज, महेंद्र, नरेंद्र ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। सुरेश जुनेजा ने आरोप लगाया कि उस पर लाठी, डंडों व बैट से हमला कर दिया। घायल करने के बाद आरोपी उसे कार में डालकर ले जाने लगे। तभी वहां पर सब्जी मंडी चौकी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उनको आरोपियों के कब्जे से छुड़वाया। हंगामे में उनकी जेब से किसी से 2.25 लाख रुपये निकाल लिए व उनका मोबाइल तोड़ दिया। मॉटी कला बोर्ड के चेयरमैन कर्ण सिंह राणोलिया, पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी, रवि सैनी, मोहनलाल सैनी, गौतम सरदाना सहित अन्य लोग घायल सुरेश जुनेजा का हालचाल जानने पहुंचे। सुरेश ने कहा कि यहां देखरेख नहीं हो रही। यहां से उनको रेफर करवा दें। कर्ण सिंह राणोलिया ने सीएमओ डॉ. दयानंद से फोन पर बातचीत की।
क्या है विवाद
नई सब्जी मंडी बनने के बाद से मंडी में दो यूनियन बनी हुई हैं। ओमप्रकाश राडा की यूनियन ने महीने के आखिरी दिन मंडी को बंद रखने का फैसला लिया था। सुरेश जुनेजा की यूनियन ने इसे मानने से इनकार कर दिया। इन लोगों ने कहा कि मंडी बंद करने पर कारोबार बंद रखें, लेकिन दुकान की सफाई के लिए जाने दिया जाए।
मामले में दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। अस्पताल में इलाज करवा रहे सुरेश जुनेजा का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। अभी केस दर्ज नहीं किया गया है।
हरपाल सिंह, चौकी प्रभारी सब्जी मंडी चौकी
मंत्री को दी थी शिकायत
सुरेश ने कहा कि मंडी के अन्य व्यापारियों ने दो दिन पहले मंत्री नायब सिंह सैनी व विधायक कमल गुप्ता को शिकायत सौंपी थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि कुछ लोग मंडी का माहौल खराब कर रहे हैं। धमकियां दी जा रही हैं। उन पर हमला कर सकते है। मंत्री नायब सैनी ने कहा था आप किसी बात की चिंता ना करो। प्रशासन आपके साथ है।
नशे की हालत में पहुंचे सुरेश जुनेजा ने की गाली-गलौज : ओमप्रकाश राडा
नई सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ओमप्रकाश राडा ने कहा मंडी के आढ़तियों की सहमति से मंडी बंद करने का फैसला लिया था। मंगलवार को मंडी बंद थी, तब सुरेश जुनेजा ने नशे की हालत में गेट पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने उपस्थित यूनियन के पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी, मारपीट व गाली-गलौज की। मौके पर पुलिस को बुलाया गया तो अनिल सैनी पिस्तौल दिखाकर सुरेश कुमार को वहां से छुड़ा कर ले गया। यूनियन के पदाधिकारियों ने इसकी लिखित शिकायत भी पुलिस चौकी में दी है।