अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला (हिसार)। क्षेत्र के एक गांव में 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही परिवार की तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे रविवार शाम को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। बच्ची के किए गए मेडिकल में दुष्कर्म किए जाने का प्रयास पाया गया है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि शनिवार दोपहर उसकी तीन वर्षीय बेटी ताऊ के घर खेलने गई थी। शाम को बेटी रोती हुई घर आई और उसने बताया कि उसके निजी अंग में दर्द हो रहा है। मां ने जब बच्ची की जांच की तो निजी अंग में सूजन आई हुई थी। बच्ची से जब पूछा तो उसने बताया कि आरोपी छात्र ने उसके साथ ऐसा किया तो यह हो गया। बाद में परिजन बच्ची को अस्पताल ले आए व रविवार सुबह मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को काबू कर लिया।
तीन घंटे मेडिकल के लिए बैठे रहे परिजन
पीड़ित बच्ची के परिजन करीब तीन घंटे तक स्थानीय नागरिक अस्पताल में बच्ची के मेडिकल के लिए बैठे रहे। यहां न तो कोई चिकित्सक था और न ही बच्ची का मेडिकल करने के लिए महिला डॉक्टर थीं। करीब तीन घंटे बाद महिला चिकित्सक अस्पताल पहुंचीं, जिसके बाद बच्ची का मेडिकल हो पाया।