अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
एफसी कॉलेज की 60 वर्षीय कर्मचारी देव वाटिका निवासी कृष्णा देवी से बाइक सवार तीन युवक कूपन में इनाम निकालने का लालच देकर पहले तो झांसे में लिया और बाद में सोने की दो अंगूठी और दो बालियां छीनकर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कृष्णा देवी ने बताया कि करीब साढे़ तीन बजे वह कॉलेज से निकली और मोहना मंडी की तरफ राशन लेने पैदल जा रही थी। तभी पीछे से बाइक पर एक अनजान युवक आया। उससे पहले शिव मंदिर का फिर वृद्धा और बाल आश्रम का पता पूछा। महिला ने पता होने से इनकार कर दिया। फिर युवक ने कहा कि वह सरकारी नौकरी करता है और उसका वेतन 50 हजार रुपये है। उनका विभाग बुजुर्गों के लिए स्कीम चलाता है। उसके तहत हम कूपन देते हैं और कूपन में डेढ़ लाख रुपये तक इनाम निकलता है। इस पर वहां करीब 60 साल का एक बुजुर्ग भी आ गया। बुजुर्ग ने उस पर कूपन खोलने का जोर दिया। महिला ने बताया कि कूपन खोलने पर मेरे 600 रुपये निकल गए। फिर एक और युवक आ गया। उन्होंने 600 रुपये वापस ले लिए। दूसरे कूपन में इनाम निकलने पर उन्होंने 100 रुपये दे दिए। उसके बाद तीनों ने धमकाते हुए उसकी सोने की दो बालियां, दो अंगूूठी छीन ली और बाइक पर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
कूपन में इनाम निकालने का लालच देकर महिला को लिया झांसे में
एफसी कॉलेज की बुजुर्ग कर्मी से बाली और अंगूठी छीनकर फरार
एफसी कॉलेज की बुजुर्ग कर्मचारी राशन लेने गई थी, मोहना मंडी में बनी छीनाझपटी की शिकार