अमर उजाला ब्यूरो
मंडी आदमपुर। पुलिस ने गांव सीसवाल में गोली चलाकर युवक को घायल करने के आरोपी गांव सीसवाल निवासी अशोक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अशोक को शनिवार को हिसार अदालत में पेश किया, जहां पुलिस के आग्रह पर उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर आदमपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से घटना में प्रयोग की गई पिस्तौल बरामद की जाएगी एवं घटना के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। ज्ञात रहे कि पुलिस को दिए बयान में गांव सीसवाल निवासी रविंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार 15 मार्च को रात्रि करीब 8 बजे घर से खाना खाकर सेव करवाने के लिए गांव के सरकारी अस्पताल के पास मुकेश नाई की दुकान पर गया था। मुकेश नाई की दुकान पर भीड़ ज्यादा होने के कारण मुकेश ने उससे कहा कि उसे टाइम नहीं लगेगा। इस पर वह उससे बात करने के बाद वापस अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में मुंह पर कपड़ा ढका हुए मोटरसाइकल सवार दो युवक उसके सामने आकर रुके और कहा कि यह भी उनका साथी है, इसे गोली मार दो। इस पर मोटरसाइकल पर पीछे बैठे युवक ने गोली चला दी, जो उसके हाथ पर लगी। जब वह दोबारा गोली चलाने लगा तो उसने चिल्लाते हुए कहा कि वह किसी का साथी नहीं है और उसने कोई लड़ाई झगड़ा नहीं किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग गए थे। बाद में उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।