अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के एनिमल हाउस के पास मंगलवार को मिले नवजात कन्या के शव मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अग्रोहा पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से डिलीवरी संबंधित रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस अब इस थ्योरी पर जांच करेगी कि आखिर इन दिनों कितनी महिलाओं ने यहां पर डिलीवरी करवाई है। साथ ही कॉलेज में लगे सीसीटीवी की फुटेज बारे कॉलेज प्रशासन को पत्र लिखा है।
गौरतलब है कि एनिमल हाउस के निकट ब्वॉयज हॉस्टल के कुक ने नवजात के शव को देखा था। शव नवजात कन्या का था जो कुत्तों ने नोंच रखा था। नवजात का पेट से नीचे का हिस्सा ही बचा हुआ था। अग्रोहा पुलिस ने कुक पूर्ण सिंह के बयान पर अज्ञात के खिलाफ धारा 317 के तहत केस दर्ज किया। वहीं कॉलेज निदेशक ने एक जांच कमेटी गठित कर दी है।
नवजात कन्या के शव को परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि जब डिलीवरी हुई तब शिशु जिंदा था या मृत। फिलहाल दो या तीन दिन पहले डिलीवरी होने का अंदेशा है। इस संबंध में अग्रोहा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने कुक के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। नवजात कन्या को फेंकने वाले का सुराग लगाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज से नवजात शिशुओं से संबंधित रिकॉर्ड मांगा है।
29 दिसंबर को ऑटो मार्केट में भी मिला था नवजात का शव
बता दें कि हिसार शहर में भी नवजात शिशुओं के फेंकने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में 29 दिसंबर को ऑटो मार्केट में शौचालय के नजदीक किसी ने पॉलिथीन में डालकर नवजात को फेंक दिया था। किसी व्यक्ति ने पॉलिथीन में हो रही हलचल को महसूस कर लिया और देखा तो वह चौक गया। उसने पुलिस को सूचना दी और उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने इसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया जहां दो दिन बाद बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इससे पहले कैमरी रोड राधा स्वामी आश्रम के नजदीक एक नवजात बच्ची का शव मिला था।
नहीं मिला नवजात शिशु के शव को फेंकने वालों का सुराग
पुलिस ने मांगा अस्पताल में हुई डिलीवरी का रिकॉर्ड