हिसार। कालीरावण गांव में एक महिला के साथ झगड़ा और मारपीट मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों पर हमला कर वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने और धमकी देने के आरोप में महिला के पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों को हिसार अदालत में पेश किया।
पुलिस से मिली रिपोर्ट के अनुसार गांव कालीरावण से कंट्रोल रूम में सूचना आई कि एक महिला को उसका पति और देवर मारपीट कर रहे हैं। यह सूचना अग्रोहा थाना में दी गई। सूचना मिलने पर थाना अग्रोहा के हवलदार सुरेंद्र कुमार अपने सहकर्मी एसपीओ सुरेश कुमार और चालक एएसआई महावीर सिंह के साथ गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर देखा तो उक्त महिला का पति व देवर उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज कर झगड़ रहे थे। हवलदार सुरेंद्र कुमार ने अपने सहकर्मियों के साथ उक्त महिला का बचाव करने का प्रयास किया तो महिला के पति व देवर ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि इन दोनों ने पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी में बाधा पहुंचाते हुए वर्दी फाड़ दी। पुलिस कर्मचारियों ने इसकी सूचना थाना में दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों महिला का पति रामकुमार और देवर जयवीर को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।