चोरों ने शुक्रवार रात मॉडल टाउन स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को अपना निशाना बनाया। चोर एटीएम तोड़ कर उसके अंदर रखी चेस्ट उठा कर ले गए। चेस्ट में 11 लाख 43 हजार रुपये थे। चोरों ने बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ डाला लेकिन उनकी फुटेज रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस ने फुटेज को खंगाल कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सिटी पुलिस ने बैंक के प्रबंधक राजेंद्र कुमार के बयान पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरों ने यूबीआई के एटीएम बूथ के शटर का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसने से पहले उन्होंने बूथ के दरवाजे के शीशे को भी तोड़ डाला। चोरी का पता शनिवार को सुबह उस वक्त लगा जब मार्केट में ही स्थित एक दुकानदार ने टूटी हुई मशीन देखी। बैंक प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही इस एटीएम में 15 लाख रुपये डाल कर उसे फुल किया था। चोरों ने एटीएम मशीन को तोड़ कर चेस्ट को खोलने का प्रयास किया लेकिन चेस्ट नहीं खुलने की स्थित में वे उसे ही लेकर फरार हो गए।
इस चेस्ट में 11.43 लाख रुपये मौजूद थे। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले लेकिन उसकी हार्ड डिस्क से फुटेज निकाल ली गई है। आसपास के क्षेत्र में भी लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।