सीएम विंडो पर मिलने वाली शिकायतों के निपटान में लापरवाही के आरोप में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नगर समिति, रानियां (सिरसा) के सचिव ऋषिकेश, लेखाकार सुरेंद्र कुमार को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने सहित दोनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
यह जानकारी सीएम विंडो पर मिलने वाली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं विशेष कार्याधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई सभी विभागों के नोडल अधिकारियों की बैठक में दी गई।
आरोप है कि नगर समिति, रानियां के सचिव और लेखाकार ने सीएम विंडो पर मिली शिकायत को काफी दिनों तक लंबित रखा।
उन्होंने अपनी ड्यूटी में कोताही बरतने के साथ महज खानापूर्ति करते हुए मामले में झूठी रिपोर्ट भी तैयार की। उचित शिकायतों के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतने के मामले में दोनों को चार्जशीट करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतों पर 30 दिन के अंदर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और खाद्य आपूर्ति विभागों की अच्छे कार्यों के लिए सराहना की गई। जबकि अन्य विभागों को सीएम विंडो पर मिली शिकायतों के संबंध में 30 दिनों के अंदर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कुछ विशेष मामलों पर चर्चा करते हुए ड्यूटी में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी गई। सीएम विंडो चूंकि मुख्यमंत्री का एक फ्लैगशिप कार्यक्रम है, जहां मिलने वाली शिकायतों के निवारण के प्रति कर्मचारियों को सचेत रहने को कहा गया है।