अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर लितानी मोड़ पर पूर्व विधायक स्वर्गीय रेलूराम पूनिया की कोठी के पास मंगलवार को चलती कार अचानक लावारिस पशु आगे आने से अनियंत्रित होकर कीकर के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में गांव लितानी के दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हो गया। उकलाना थाना पुलिस ने इस बारे में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र (25) अपनी कार लेकर किसी काम से बरवाला आया था। उसके साथ गांव का सुमित (22) और रूनित थे। कार सुरेंद्र चला रहा था। वे करीब 12 बजे बरवाला से गांव लितानी लौट रहे थे। कार लितानी मोड़ पार कर पूर्व विधायक स्वर्गीय रेलूराम पूनिया की कोठी के पास पहुंची तो अचानक कार के आगे लावारिस पशु आ गया। चालक सुरेंद्र ने लावारिस पशु को बचाने का प्रयास किया तो कार अनियंत्रित होकर एक कीकर के पेड़ से जा टकराई जिससे सुरेंद्र व सुमित कुमार की मौत हो गई और रूनित घायल हो गया। सुरेंद्र स्टेरयिंग व पेड़ के बीच बुरी तरह फंसा गया। लोगों ने उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वह तीन बेटियों का पिता था। सुमित ने आईटीआई की थी। अब वह पत्राचार से बीए प्रथम वर्ष में पढ़ रहा था। घायल को यहां एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूरेवाला चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने सूचना मिलने पर अस्पताल में पहुंचकर शव कब्जे में ले लिए। उकलाना थाना पुलिस ने इस बारे में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
लावारिस पशु आगे आने से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, दो की मौत, एक घायल
लितानी मोड़ पर हुआ हादसा