जिले के एक गांव में नाबालिग छात्रा का पीछा करने और उसे जबरदस्ती मोबाइल देने का प्रयास करके भाग रहे युवकों का लोगों ने पीछा करके एक को काबू कर लिया। इस संबंध में नाबालिग ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक नामजद व दो अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिले के एक गांव निवासी पीड़ित नाबालिग छात्रा ने बताया कि वह जब भी स्कूल जाती है तो वहां कैमरी निवासी विकास उर्फ बिच्छू स्कूल के बाहर आकर खड़ा हो जाता है। पिछले 15-20 दिनों से वह उसका स्कूल आते-जाते समय पीछा कर रहा है। 16 जुलाई को स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह घर आ रही थी तो विकास व दो अन्य लड़के सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर उसका पीछा करने लगे। पीड़ित के अनुसार रास्ते भर वे अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। वह सीधे अपने घर आ गई, लेकिन विकास उसके पीछे-पीछे घर में घुस गया और उसे जबरदस्ती मोबाइल देने का प्रयास किया। इस पर पीड़ित ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर उसकी मां, मौसी व उसके पिता मौके पर पहुंच गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। यह देखकर विकास व उसके साथ आए दो लड़के मौके से फरार होने लगे। कुछ लोगों ने पीछा करके विकास को एक पेट्रोल पंप के समीप काबू कर लिया, जबकि अन्य दोनों लड़के फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांचकर्ता हेडकांस्टेबल सीमा के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 354ए, 354डी, 452, और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।