वार्ड 5 में मेन रोड पर विभाग की तरफ से लगाया गया बरमा।
हिसार। वार्ड पांच के श्यामलाल ढाणी में सीवरेज समस्या के संबंध में पार्षद व जनस्वास्थ्य विभाग आमने-सामने हो गए हैं। पार्षद भीम महाजन का कहना है कि श्यामलाल ढाणी में सीवरेज की समस्या है, तभी विभाग ने यहां बरमा लगा रखा है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मैनहोल की ऊंचाई बढ़ाई के लिए ही बरमा लगाया हुआ है।
श्यामलाल ढाणी में सीवरेज समस्या को देखते हुए वीरवार को मेयर प्रवीण पोपली मौके पर पहुंचे। इस दौरान पार्षद भीम महाजन ने उन्हें बताया कि विभाग की मेन सीवरेज लाइन ब्लॉक पड़ी है, जिस कारण एरिया के सीवर भरे पड़े हैं। इसी के लिए विभाग ने यहां बरमा लगा रखा है। इस बरमे से सीवरेज का पानी लिफ्ट करके बरसाती लाइन में डाला जा रहा है।
इस संबंध में मेयर ने भी अधिकारियों से बातचीत कर इस समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उधर, इस बारे में विभाग के एसडीओ जसबीर ने बताया कि नगर निगम एरिया की सड़क बना रहा है। नई सड़क बनने से मैनहोल नीचे पड़ गए हैं। इसके चलते मैनहोल की ऊंचाई बढ़ाई जा रही है। चूंकि यह काम तभी हो सकता है, जब मैनहोल कुछ खाली हो। इसी के चलते यह बरमा लगा रखा है। श्यामलाल ढाणी में सीवरेज की कोई समस्या नहीं है। इसके अलावा मेन लाइन की सफाई का भी काम चल रहा है। ऐसे में पानी को डायवर्ट करने के लिए भी यह बरमा लगा रखा है।
पुरानी सब्जी मंडी चौक से जहाजपुल तक बिछाई जाएगी मास्टिक लेयर
वहीं पार्षद ने पुरानी सब्जी चौक से जहाजपुल तक बनी सड़क पर मास्टिक की लेयर बिछाई जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बीएंडआर इस पर बिटुमिन की कारपेटिंग करना चाहता है, लेकिन उनकी मांग है कि इस पर मास्टिक की लेयर बिछाई जाए। उधर पार्षद ने पुरानी सब्जी मंडी से मुल्तानी चौक तक सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य भी रद्द करवा दिया है। पार्षद भीम महाजन ने बताया कि यह सड़क सीसी की बनी हुई है और इसकी हालत एकदम सही है। इसी कारण से उन्होंने बीएंडआर को इस सड़क को बनवाने से मना कर दिया है।