हिसार। जिले में कोरोना की तीसरी लहर खत्म होने की ओर है, लेकिन फरवरी माह में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 18 दिनों में 19 संक्रमितों ने दम तोड़ा, जबकि 1498 केस मिले। हालांकि संक्रमितों से अधिक करीब 2300 लोगों ने कोरोना तो मात दी। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आई रिपोर्ट के अनुसार 10 लोग संक्रमित और एक बुजुर्ग की मौत होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले 4 जनवरी को कोरोना के एक दिन में 13 मामले मिले थे। फिलहाल जिले में 136 सक्रिय केस हैं।
शुक्रवार को हांसी के 62 वर्षीय संक्रमित की अग्रोहा मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मरीज कोरोना संक्रमित होने के साथ शुगर, बीपी, निमोनिया, किडनी संबंधित बीमारियों से भी ग्रस्त था। तीसरी लहर में कोरोना के कारण अब तक 33 मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें से 14 की मौत जनवरी माह में हुई थी।
लोग सैंपल करवाने में कर रहे आनाकानी
डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि कोरोना केस घटने के कारण लोग सैंपलिंग नहीं करवा रहे। लोगों का कहना है कि लक्षण नहीं है तो सैंपल जांच क्यों करवाएं। चूंकि तीसरी लहर में संक्रमित मरीजों में बहुत ही हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। इस कारण भी लोगों का सैंपलिंग के प्रति रुझान कम हो रहा है। उधर जिले में रिकवरी रेट 97.87 प्रतिशत रहा। अब तक 8 लाख 92 हजार 423 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 61 हजार 592 मामले सामने आ चुके हैं। 60 हजार 282 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोरोना की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 व तीसरी लहर में 33 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है।