हिसार। नगर निगम परिसर में मंगलवार को हुई डेयरी प्लॉट की बोली के दौरान माहौल अचानक उस समय गर्मा गया, जब खामोश बैठे डेयरी संचालकों ने बोली लगाने वाले पर सवाल दाग दिया कि आप बोली क्यों लगा रहे हो। आपके पास कौन सी डेयरी है। इस पर बोलीदाता ने कहा- मेरे पास तो बकरियां भी नहीं हैं और मैं प्लॉट बेचने के लिए खरीद रहा हूं।
माहौल करीब 10-15 मिनट तक इस कदर गर्मा गया कि डेयरी संचालक और बोलीदाताओं के दो गुट बन गए और आमने-सामने हो गए। मामला तू-तड़ाक पर पहुंचा तो निगम अधिकारियों ने मौके की नजाकत देखते हुए बीचबचाव किया। इसके बाद मामला शांत हुआ और बोली फिर से शुरू की गई। डेयरी संचालकों का आरोप था कि फर्जी तरीके से प्रॉपर्टी डीलरों ने डेयरी प्लॉट के लिए बोली लगाई है। बोली में एक भी डेयरी संचालक शामिल नहीं हुआ।
डेयरी संचालकों ने ये लगाए आरोप
डेयरी संचालक नंदप्रकाश पाहवा, रामनिवास, दलजीत, वेदपाल, अजमेर, करण, वजीर, बलजीत आदि ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलरों ने कुछ डेयरी संचालकों से सांठगांठ कर उनके नाम से डेयरी प्लॉटों की बोली लगाई है। निगम अधिकारी भी सिर्फ कॉर्नर के प्लॉटों की बोली करवा रहे हैं, ताकि उनकी अधिक बोली लगे और फिर अन्य प्लॉट भी महंगे बिकें। कुछ डेयरी संचालकों ने बताया कि निगम ने यह सर्वे भी फर्जी तरीके से कराया गया। इनमें कई डेयरी संचालकों के नाम ही नहीं हैं, जबकि इनके पास काफी संख्या में दुधारू पशु हैं। डेयरी संचालकों ने कहा कि अगर निगम डेयरी प्लॉटों की बोली करवाता है तो वह न तो बोली लगाएंगे और अपनी डेयरियां भी शहर से बाहर शिफ्ट नहीं करेंगे।
ये हैं डेयरी संचालकों की मांगें
डेयरी संचालक शुरू से ही डेयरी प्लॉट की बोली का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि डेयरी प्लॉटों को ड्रा के माध्यम से दिया जाए। साथ ही बिना ब्याज व किस्तों में प्लॉट उपलब्ध कराए जाए। रोहतक व करनाल जिले में भी डेयरी प्लॉटों की बोली नहीं करवाई गई।
17 डेयरी व चार व्यावसायिक प्लॉटों की हुई बोली
मंगलवार को डीएमसी डॉ. प्रदीप हुड्डा की अध्यक्षता में 250 व 350 गज के 17 डेयरी व चार व्यावसायिक प्लॉटों की बोली हुई। इस दौरान दो व्यावसायिक प्लॉट 70-70 लाख रुपये में बिके। वहीं एक डेयरी प्लॉट की 31 लाख रुपये की बोली लगी। इस दौरान एक्सईएन एचके शर्मा, एक्सईएन संदीप सिहाग, एमई सुनील लांबा, एसओ विक्रम, एलओ प्रवीण बैनीवाल, सुपरिटेंडेंट धर्मपाल भांभू, सुरेंद्र शर्मा, कृष्ण सैनी आदि मौजूद रहे।
यह लगी बोली
कैटेगरी-प्लॉट नंबर-बोली
एससीओ
31-70 लाख रुपये
36-70 लाख रुपये
14- 68.10 लाख रुपये
डीएसएस
11-32 लाख रुपये
डेयरी प्लॉट 250 वर्गगज
351-21.55 लाख रुपये
343.21.10 लाख रुपये
338-31 लाख रुपये
352-22.25 लाख रुपये
333-19.65 लाख रुपये
394-19.95 लाख रुपये
335-19.70 लाख रुपये
342- 22.65 लाख रुपये
410-18 लाख रुपये
350-22.95 लाख रुपये
336-25 लाख रुपये
372- 21.55 लाख रुपये
329-20.30 लाख रुपये
310-18.15 लाख रुपये
डेयरी प्लॉट 350 वर्गगज
201- 27.70 लाख रुपये
226- 27.60 लाख रुपये
मेयर को सौंपा ज्ञापन
हमने अपनी मांगों को लेकर मेयर गौतम सरदाना को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह इस बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।
-नंदप्रकाश पाहवा, प्रधान, पशु डेयरी एसोसिएशन।
मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र
डेयरी संचालकों की प्लॉटों का ड्रॉ के माध्यम से आवंटन की मांग को लेकर मैं मुख्यमंत्री को पत्र लिखूंगा, क्योंकि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही प्लॉटों की बोली करवाई जा रही है। उनकी ब्याज वाली मांग पर हाउस की बैठक में विचार किया जा सकता है। मैं खुद बोली कार्यक्रम में गया था, वहां किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं थी। हालांकि एक्सईएन एचके शर्मा को मैंने जांच के लिए बोल दिया है।
-गौतम सरदाना, मेयर, नगर निगम।