हिसार। एनएच 9 पर विद्या देवी जिंदल स्कूल के पास उतरते समय निजी बस के नीचे कुचले जाने से नैनिताल निवासी 27 वर्षीय जसवंत की मौत हो गई। जसवंत चलती बस से उतरने लगा तो ग्रिल से टकराया फिर बस का टायर उसके ऊपर से गुजर गया। जख्मी हालत में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
मृतक की बुआ धनी मेवाड़ी ने बताया कि जसवंत उनके भाई खियाराज का बेटा था। कुछ दिन पहले वह हिसार आया था। वह अपने दोस्त मुकेश के साथ विद्या देवी स्कूल में कंस्ट्रक्शन का काम लिए हुआ था। मुकेश और जसवंत दोनों स्कूल के सामने डिफेंस कॉलोनी में रहते थे।
शुक्रवार शाम को वह किसी काम से कैंट आया हुआ था। शाम करीब सात बजे वह एक प्राइवेट बस में सवार हुआ। बस स्कूल के पास पहुंची तो जसवंत ने चालक को बस रोकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने बस रोकी नहीं। बार-बार कहने के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी तो जसवंत चलती बस से उतरने लगा। जिस कारण वह सड़क किनारे लगी ग्रिल से टकराने के बाद सड़क पर गिर गया। बस का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। मृतक जसवंत के साथी मुकेश ने बताया कि निजी बस संचालक स्कूल के पास बस नहीं रोकते। मामले की जांच कर रहे पुलिस कर्मी मनमोहन ने कहा कि मृतक के परिजनों के बयान पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।