हिसार। बीएंडआर ने बालसमंद फोरलेन रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। साउथ बाईपास से लेकर हिंदवान मोड़ तक बालसमंद रोड फोरलेन बनाई जाएगी। इस हिस्से की लंबाई करीब सात किलोमीटर है। फिलहाल यह रोड टू लेन है। वहीं शहर के रेलवे रोड का निर्माण भी शुरू कर दिया है। इस रोड को सीसी का बनाया जाएगा। वर्तमान में यह रोड तारकोल की बनी हुई है।
बता दें कि फिलहाल मलिक चौक से लेकर साउथ बाईपास पर बालसमंद रोड फोरलेन बनी हुई है। इससे आगे के हिस्से के फोरलेन बनने से चंदन नगर व आर्य नगर के अलावा इस रोड पर बसे धीरणवास, भिवानी रोहिल्ला व बालसमंद के लोगों को फायदा होगा। फिलहाल इस हिस्से की चौड़ाई सात मीटर है। फोरलेन बनने से रोड की चौड़ाई बढ़कर 14 मीटर हो जाएगी। रोड के बीच में चार फुट का डिवाइडर भी बनाया जाएगा। इस हिस्से में तीन पुलिया भी आती हैं। इन्हें भी फोरलेन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 26 करोड़ रुपये खर्च आएगा।
उधर लंबे इंतजार के बाद शहर के रेलवे रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल ठेकेदार पुराने तारकोल की रोड को तोड़ कर जमीन का लेवल कर रहा है। इस रोड का सीसी का बनाया जाएगा। इस रोड की हालत काफी समय से जर्जर हो रखी है। हालांकि बीएंडआर की तरफ से इस रोड के निर्माण कार्य का पिछले वर्ष ही टेंडर अलॉट कर दिया था, लेकिन ठेकेदार ने रोड का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया। अधिकारियों का तर्क था कि ठेकेदार को प्लांट लगाने के लिए जगह नहीं मिल रही है।