हांसी में अधर में लटका पटेल चौक का निर्माण कार्य।
हांसी। शहर में आंबेडकर चौक, पटेल चौक और मॉडल टाउन में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्यों की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। आंबेडकर चौक का निर्माण कार्य पिछले सितंबर महीने में शुरू किया गया था, लेकिन दस महीने बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। कार्य की धीमी रफ्तार पर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताई है।
आंबेडकर चौक पर पत्थर पर स्ट्रीपिंग लगाने का कार्य चल रहा है, जिसके लिए राजस्थान से कारीगर बुलाए गए हैं। इसके बाद यहां रंग-बिरंगी लाइटों और स्टील ग्रिल लगाने का काम किया जाएगा। चौक पर धौलपुर स्टोन का प्रयोग किया गया है और इसकी कुल लागत लगभग 38 लाख रुपये आंकी गई है
पटेल चौक का कार्य छह महीने से अधर में
फरवरी माह में शुरू हुआ पटेल चौक का निर्माण कार्य भी अभी तक अधूरा है। यहां पत्थर लगाने का काम पूरा नहीं हो पाया है और न ही स्टील ग्रिल व लाइटें लगाई गई हैं। चौक निर्माण के लिए जो सड़क तोड़ी गई थी, उसकी भी मरम्मत नहीं हुई है, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही पटेल चौक पर प्रतिमा नगर परिषद लगाएगी या कोई संस्था, इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से यह निर्माण कार्य किया जाना है।
मॉडल टाउन में सामुदायिक भवन का कार्य रुका
मॉडल टाउन में बन रहा सामुदायिक भवन भी बारिश के कारण पिछले एक महीने से रुका पड़ा है। यहां कार्यालय, रसोई और शौचालय की नींव डाली जा चुकी है, लेकिन हॉल के लिए नींव अब तक नहीं डाली गई है। यह निर्माण कार्य अक्तूबर में शुरू हुआ था और इसकी लागत करीब 3.95 करोड़ रुपये है।
::::::::::::::
दोनों चौक का निर्माण कार्य शुरु करवा दिया है। पहले आंबेडकर चौक पर रुका कार्य पूरा होगा। इसके बाद पटेल चौक का काम पूरा करवाया जाएगा।- मोहित डौंकल, जेई, नगर परिषद