पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद चली नार्थ वेस्ट की हवाओं ने हिसार को कोल्ड सिटी में बदल दिया। मकर संक्रांति के बाद शुरू हुए कोल्ड वार के चलते लोग घरों में दुबकने के बावजूद कंपकंपाते रहे।
22 जनवरी का दिन इस मौसम का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड किया गया। इस मौसम में पहली बार दिन का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
आमतौर पर मकर संक्रांति के दिन के बाद सर्दी की विदाई शुरू मानी जाती है। इस बार दिसंबर महीने का अंतिम व जनवरी का पहला पखवाड़ा सामान्य से गर्म साबित हुआ।
इसके चलते मौसम वैज्ञानिकों को गेहूं का उत्पादन कम होने का आंकलन किया। इस बार मकर संक्रांति के बाद से शुरू हुए सर्दी के मौसम में शुक्रवार का दिन सबसे ठंडा साबित हुआ।
पहली बार तापमान 2 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
तापमान में गिरावट आने के बाद लोग घरों में दुबके रहे। हालांकि घर में रहने के बाद भी लोग सर्दी के कारण कंपकंपाते नजर आए।
अभी राहत नहीं
अगले 3 दिनों तक मौसम साफ रहेगा, हालांकि रात के तापमान में गिरावट बनी रहेगी। यह तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है।
दिन का अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री तक ही रहने की उम्मीद है। हवा में 40 से 80 प्रतिशत आर्र्दता रहेगी। इस दौरान 3 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से हवाएं भी चलेंगी।
गर्म कपडे के कारोबारी खुश
गर्म कपड़ों का कारोबार करने वाले सर्दी की दस्तक से खुश नजर आए। इस बार सर्दी कम होने के चलते कारोबार ठंडा था।
कम खरीद को देखते हुए बडे शोरूम संचालकों की ओर से डिस्काउंट भी शुरू किया गया था। इसके बाद भी खरीदार नहीं मिल रहे थे। अब सर्दी शुरू होने के बाद गर्म कपड़ों की खरीदारी में उछाल आ रहा है।
पिछले 14 साल में जनवरी माह में सबसे ठंडे दिन
वर्ष दिन तापमान
2000 16 जनवरी - 0.5 डिग्री
2001 11 जनवरी -0.7 डिग्री
2003 4 जनवरी 2 डिग्री
2004 4 जनवरी 2.0 डिग्री
2005 12 जनवरी 0.6 डिग्री
2006 8 जनवरी -3.5 डिग्री
2007 8 जनवरी 0.4 डिग्री
2008 22 जनवरी -3.2 डिग्री
2009 8 जनवरी 1.0 डिग्री
2010 16 जनवरी 1.0 डिग्री
2011 11 जनवरी 1.1 डिग्री
2012 10 जनवरी 0.0 डिग्री
2013 6 जनवरी -1.5 डिग्री
2014 2 जनवरी -0.3 डिग्री
जनवरी 2016 के ठिठुरते दिन
एक जनवरी 2.5
तीन जनवरी 3.0
चार जनवरी 3.0
जनवरी 2016 के गर्म अहसास कराने वाले दिन
6 जनवरी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस
13 जनवरी न्यूनतम तापमान 10.7
15 जनवरी न्यूनतम तापमान 10.7
एक जनवरी 2016 को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्यिस
सात जनवरी 2016 को अधिकतम तापमान 25.1
चौदह जनवरी 2016 को अधिकतम तापमान 24.4
किसानों के लिए एचएयू की सलाह
गेहूं में पीला रतुआ होने की संभावना है। किसान जरूरत के हिसाब से सिंचाई करते हुए खाद का उपयोग करें। सरसों की फसल में कीटनाशकों का छिड़काव कर सकते हैं।
हरे चारे की फसल में कटाई होने के बाद हल्की सिंचाई करें। आलू की फसल में झुलसा रोग हो सकता है। ऐसे में किसान कीटनाशक स्प्रे करें।