केंद्रीय भैंस अनुसंधान केंद्र में सीएम मनोहरलाल को जानकारी देते पशु वैज्ञानिक
- फोटो : Hisar
हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को केंद्रीय भैंस अनुसंधान संस्थान में क्लोनिंग पर चल रहे शोध कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान में थर्मल इमेजिंग पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने सीमन लैब का अवलोकन करते हुए वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि वे पशुपालकों को उत्तम नस्ल की ज्यादा दूध देने वाली भैंसों के टीके उपलब्ध करवाएं, ताकि प्रदेश में दुग्ध का उत्पादन बढ़ाया जा सके।
उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा कि वे मुर्रा नस्ल को बढ़ावा देना सुनिश्चित करें, इससे श्वेत क्रांति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी। संस्थान द्वारा विकसित की गई गर्भ जांच किट की मुख्यमंत्री ने सरहाना की और वैज्ञानिकों को शोध कार्यों को निरंतर बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। संस्थान के निदेशक डॉ. टीके दत्ता ने चल रहे शोध कार्यों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी। थर्मल इमेजिंग पुस्तक के प्रकाशक ने बताया कि संस्थान द्वारा तैयार की गई थर्मल इमेजिंग पुस्तक के माध्यम से तापमान में अंतर की जांच एवं पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों की प्रारंभिक स्तर पर जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, सांसद बृजेंद्र सिंह, विधायक विनोद भयाना, भाजपा जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष कृष्ण बिश्नोई, डॉ. सज्जन सिंह, डॉ. प्रेम सिंह यादव, डॉ. आरके शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. राजेश मौजूद रहे।