हांसी में जांच करते सीएम फ्लाइंग टीम के सदस्य व चिकित्सक। जागरूक पाठक
हांसी। दिल्ली रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोरखी में बुधवार सुबह करीब 11 बजे सीएम फ्लाइंग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई सीएम फ्लाइंग के एसआई पवन व नागरिक अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विशेष न्योलिया के नेतृत्व में की गई। टीम ने करीब तीन घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न रिकॉर्ड, व्यवस्थाओं व कर्मचारियों की उपस्थिति की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान एक दंत चिकित्सक सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तीन कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। टीम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का विवरण संबंधित विभाग को भेजते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए लिख दिया है। टीम को सीएससी की कई शिकायतें मिली थी। जिसके आधार पर यहां पर जांच की गई।
जांच के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, रिकॉर्ड और कर्मचारियों की उपस्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई से स्वास्थ्य केंद्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अधिकारी रिकॉर्ड का मिलान करने और आवश्यक दस्तावेजों की जांच में जुटे रहे। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों और अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जा रही है ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।