नारनौंद विकास रैली में सीएम मनोहरलाल खट्टर ने पिटारा खोलकर घोषणाओं की जमकर बरसात की। नारनौंद को उपमंडल बनाने के एलान कर सबसे बड़ी सौगात दी। जींद-हिसार के बीच सीधी सड़क, खेडी चौपटा में महिला कॉलेज, खांडा खेडी में बस अड्डा, राखी गढ़ी में स्टेडियम, बास में पुलिस थाना के अलावा करीब 107 करोड़ से अधिक के अन्य विकास कार्यों का एलान किया।
प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की ओर से नारनौंद की अनाज मंडी में आयोजित विकास रैली में सीएम ने लगभग 150 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों ने नारनौंद के गांव डाटा में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से एक ऑयल डिपो स्थापित करने का एलान किया। सीएम ने वित्तमंत्री की ओर से रखी गई सभी मांगों को स्वीकार किया।
हर खंड स्तर पर महिला थाना खोला जाएगा
सीएम ने कहा हर खंड स्तर पर महिला थाना खोला जाएगा। प्रदेश में 7500 पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। 1000 महिला पुलिस कर्मी, 200 इंस्पेक्टर की भर्ती भी होगी। भाजपा सरकार ने प्रदेश में 12 राष्ट्रीय राजमार्ग मंजूर किए हैं। इसमें तीन नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरेंगे। सीएम विंडो पर 1.48 लाख शिकायतों में से 1.10 लाख का निपटान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गत डेढ़ वर्ष के दौरान प्रदेश सरकार पर भ्रष्टचार का कोई आरोप नहीं लगा है। सेवाओं को ऑनलाइन करने तथा तहसीलों मेें ई-रजिस्ट्रेशन से भ्रष्टाचार में काफी कमी आई है। जल्द ही प्रदेश में सोशल ऑडिट सिस्टम शुरू किया जाएगा। इसके तहत गांवों में 11 सदस्यों की एक कमेटी बनाई जाएगी। किसी भी विकास कार्य के लिए तैयार किए गए एस्टिमेट का इस कमेटी से पास करवाना होगा तथा कार्य पूरा होने के बाद अंतिम अदायगी भी कमेटी की सहमति के बाद ही की जाएगी। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से लिंगानुपात 850 से बढ़कर 910 हो गया है। जिसे 950 तक ले जाने के लिए प्रयासरत हैं।
सीएम ने यह दी सौगातें
नारनौंद हलके की सड़कों के लिए 70 करोड़ रुपये मंजूर
खेड़ी चौपटा में राजकीय महिला महाविद्यालय खोला जाएगा
नारनौंद महाविद्यालय भवन के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये मंजूर
नारनौंद क्षेत्र के स्कूलों के भवनों के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये
नारनौंद के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये मंजूर
खेड़ी चौपटा व खांडा-खेडी में बस अड्डा स्थापित करने का एलान
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन बनाने की भी घोषणा
गांव बास में थाना मंजूर
खेड़ी चौपटा, मिर्चपुर, भकलाना में पीएचसी खोले जायेंगे
खांडा खेडी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा
गांव राखी गढ़ी में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा
गांव लोहारी राघो में जलघर बनाया जाएगा
वित्त मंत्री बोले सबका साथ, सबका विकास
रैली आयोजक वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक के सिद्धांत पर सरकार आगे बढ़ रही है। कई दशक बीत जाने के बाद भी नारनौंद विकास से वंचित था। जहां पीने का पानी, शिक्षा व अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं थी। पिछले डेढ़ वर्ष के समय में नारनौंद मेें तीन राजमार्ग निकले हैं। हिसार मेजर व पेटवाड़ डिस्टिब्यूट्री के जीर्णोद्धार पर 83 करोड़ रुपये की राशि से काम शुरू हो चुका है। जहां इतने सालों के बाद एक भी फैक्ट्री नहीं है। वित्तमंत्री ने कहा इस एरिया में पेयजल की भारी समस्या है। सीएम साहब इस एरिया की मा बहनों के सिर से टोकनी मटका उतरवा दो। परिवहन मंत्री कृष्ण पवार ने कहा कि छात्राओं को कॉलेज पहुंचने के लिए बस का प्रबंध करेंगे। वित्त मंत्री शिक्षण संस्थानों तक विशेष महिला बसें चलाने की मांग करेंगे उन रूट पर बस चलाएंगे।
इन्होंने भी किया संबोधित
रैली को जन स्वास्थ्य राज्य मंत्री घनश्याम सरार्फ, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता, एसीएसटी कल्याण निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, पिछड़े वर्ग कल्याण निगम के अध्यक्ष रामचंद्र जांगड़ा ने भी संबोधित किया।
पगड़ी पहनाई, हल किया भेंट
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया व निगरानी कमेटी के हिसार लोकसभा प्रभारी प्रो. मंदीप मलिक ने मंच संचालन किया। सतरोल खाप के प्रधान सूबेदार इंद्र सिंह ने सीएम को पगड़ी पहनाई। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने सीएम को हल व खेस भेंट कर सम्मानित किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वीरसेन सिंधु, देवसुमन सिंधु, सीएम के ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल सिंह, पूर्व विधायक बलबीर सैनी, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय सिंधु, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन शशि ढाका, जिला परिषद चेयरमैन ब्रह्मदेव, रोहतक जिला परिषद के चेयरमैन बलराज कुण्डू, कर्ण सिंह रानोलिया, रवि सैनी, केएल रिणवा, सीमा गैबीपुर, मास्टर हरि सिंह, योगेश सिहाग, राजेश सूरा, सतपाल श्योरान, बाबूलाल अग्रवाल, सतबीर बाल्मीकि, कृष्ण बिश्नोई, सुभाष बैनीवाल, दलशेर मान, चेयरमैन महाबीर शर्मा, सुनील पाल बाल्मीकि सहित अन्य उपस्थित थे।
बिजली यूनिट के पैसे दो सरचार्ज माफ होगा
सीएम ने कहा कि बिजली पर 33 हजार करोड़ का घाटा हो रहा है। बिजली की कमी नहीं है। बिजली हमारे पास फालतू है। पैैसे में खरीद कर फ्री में बिजली नहीं दे सकते। अगर गांव के लोग पिछला यूनिट का बिल भर देंगे तो 12 से बढ़ाकर 15, 18, 21, 24 घंटे तक बिजली देंगे। ग्रामीणों को पांच किस्तों में बिल भरने का ऑप्शन देंगे। सरचार्ज व अन्य जुर्माना माफ कर देंगे। सीएम ने कहा कि सतरोल खाप के 42 गांव में इस योजना का लाभ देंगे।