सीएम मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश में विकास रैलियों का दौर शुरू किया था। पहले कई जिले छूट गए थे। हिसार भी इन जिलों में शामिल था। अब लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार 8 अप्रैल को प्रदेश के सीएम मनोहरलाल खट्टर हिसार में विकास रैली को संबोधित करेंगे। रैली में हिसार को कई सौगातें मिलने की उम्मीद है। सीएम शाम करीब पांच बजे ओल्ड गवर्नमेंट कॉलेज ग्राउंड में जनता को संबोधित करेंगे।
भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश कार्य समिति के सदस्य, बीएलए वन, 22 मंडलों के प्रधान सहित अन्य पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में 8 अप्रैल को सीएम के कार्यक्रम को लेकर मंथन किया गया। बैठक में पदाधिकारियों से पूछा गया कि वह अपने अपने एरिया से कितने लोगों को लेकर आएंगे।
मीटिंग में पदाधिकारियों की ओर से दस से बारह हजार लोगों का आंकड़ा मिलने पर विकास जनसभा को विकास रैली नाम देने का फैसला लिया। तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम मनोहर लाल शाम करीब पांच बजे विकास रैली को संबोधित करेंगे। रैली स्थल में सीएम की ओर से हिसार के लिए कुछ घोषणाएं होने की संभावना है।
डाबड़ा आरओबी
हिसार के लिए सबसे बड़ी मांग डाबड़ा आरओबी के फोरलेन करने की रही है। सीएम की ओर से प्रस्तावित रैली में इसका शिलान्यास कराये जाने की तैयारी है। इसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं। इसमें तीन एनओसी की जरूरत थी, जिसमें दो एनओसी मिल चुकी है। इन दिक्कतों को 8 से पहले पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
बस अड्डा रोड
बस अड्डे रोड को साउथ बाईपास से जोड़ने वाली रोड का शिलान्यास करने की भी तैयारी है। करीब 6 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली यह रोड 2 किलोमीटर से लंबी होगी। सीएम ने करीब डेढ़ साल पहले इस रोड के लिए एलान किया था।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
हिसार में करीब 39 करोड़ की लागत से बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शिलान्यास सीएम करेंगे। चार महीने पहले इसके लिए टेंडर लगाया गया था। न्यू रिशी नगर एरिया में यह एसटीपी बनेगा। पुराने शहर के एरिया का पानी इस एसटीपी में पहुंचेगा।
गौ अभयारण्य
प्रदेश के सबसे पहले बनने वाले गौ अभयारण्य के लिए तैयारी हो रही है। करीब 50 एकड़ से अधिक एरिया में यह गौ अभयारण्य बनेगा। सीएम की ओर से शिलान्यास के लिए प्रयास है। इसके लिए नगर निगम ने प्रस्ताव तैयार किया है।
इनके उद्घाटन की तैयारी
- साउथ बाईपास का उद्घाटन
- हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का उद्घाटन
- बैडमिंटन हॉल का उद्घाटन
- सब्जी मंडी फोरलेन रोड का उद्घाटन
प्रशासन ने विभागों से मांगी रिपोर्ट
प्रशासन की ओर से सभी विभागों को पत्र जारी कर विकास कार्यों की जानकारी मांगी गई। एक करोड़ से अधिक की लागत से बने प्रोजेक्ट के उद्घाटन या शिलान्यास के बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। बुधवार तक यह रिपोर्ट फाइनल की जाएगी।
यह एलान होंगे
जिदंल माइनर को अंडर ग्राउंड कर रोड बनाना
सेक्टर तेरह की माइनर पर रोड बनाना
विद्युत शवदाह गृह का एलान
पड़ाव चौक से बरवाला चुंगी तक फोरलेन रोड बनाना